MP Road Accident: मध्य प्रदेश के पन्ना में दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन ली हैं। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि दो गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे है। मिली जानकारी के अनुसार, मरने वालों में एक दूल्हा भी शामिल है जिसकी 15 दिनों में शादी होने वाली थी।
बताया जा रहा है कि ये हादसा उस समय हुआ जब आंध्रप्रदेश नंबर की एक तेज रफ्तार वैगनार कार किसी अज्ञात बड़े वाहन से पीछे से टकरा गई। इस घटना मे कार के परखच्चे उड़ गए।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये हादसा मध्य प्रदेश के पन्ना जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर पन्ना विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह के ग्रहग्राम इटोरी के पास हुआ। बताया जा रहा है कि आंध्र प्रदेश की ये मारुति वेगनार कार कटनी से पन्ना की ओर जा रही थी। लेकिन तभी उसी समय तेज रफ्तार कार किसी अज्ञात बड़े वाहन से पीछे से टकरा गई। जिससे कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि इलाज के दौरान तीसरे ने दम तोड़ दिया। वहीं, इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
मरने वालों में से एक की होनी थी शादी
मिली जानकारी के अनुसार, मरने वालों में 21 वर्षीय चंद्रशेखर पाल का नाम शामिल है, जिसकी 6 फरवरी को शादी होनी थी। शादी की तैयारियों के चलते वह कार से अपने परिवार के साथ झांसी जा रहा था। लेकिन उसी दौरान अमानगंज थाना क्षेत्र के इटौरी मोड़ के पास अज्ञात वाहन से कार की जोरदार टक्कर हो गई।
इस हादसे में दूल्हा चंद्रशेखर के अलावा 35 वर्षीय अनिल पाल और उसकी 12 साल की बेटी मानवी पाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अनिल की पत्नी सुनीता पाल और 10 साल का बेटा छोटू पाल गंभीर रूप से घायल हो गए है। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
Leave a comment