Lucknow: लखनऊ के राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय में एक मौत की घटना से हड़कंप मच गया है। बता दें कि लॉ की तीसरे वर्ष की छात्रा अनिका रस्तोगी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। नोएडा की रहने वाली अनिका वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की बेटी थी। इस घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मचा हुआ है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
शनिवार देर रात घटना तब प्रकाश में आई जब अनिका की रूममेट कमरे में लौटने के लिए दरवाजा खटखटाने लगी लेकिन दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण नहीं खुला। उसने तुरंत हॉस्टल की वार्डन को ये बता बताई। वार्डन ने दरवाजे को खोला तो अंदर का नजारा देखकर सभी सन्न रह गए। अनिका फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी। उसे तत्काल अपोलो अस्पताल ले जाया गया लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है।
मेहनती और समर्पित छात्रा थी अनिकाः शशांक शेखर सिंह
मौत का कारण कार्डियो अटैक बताया जा रहा है। हालांकि ये अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का पता चल सकेगा। विश्वविद्यालय के प्रवक्ता शशांक शेखर सिंह ने बताया कि अनिका रस्तोगी एक होनहार छात्रा थी, जो कानून की पढ़ाई के साथ-साथ विश्वविद्यालय के विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेती थी। उसके सहपाठी और शिक्षक उसकी अचानक हुई मौत से गम में हैं और उसे एक मेहनती और समर्पित छात्रा के रूप में याद कर रहे हैं।
Leave a comment