AC Temperature Side Effects: इस समय देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। ऐसे में लोग कमरे को तुरंत ठंडा करने के लिए में AC का तापमान 16-17 डिग्री सेल्सियस पर सेट कर देते हैं। इससे आपको गर्मी से राहत तो मिल जाती है। लेकिन ये तरीका आपके सेहत के लिए बिल्कुल ठीक नहीं है। डॉक्टर्स की मानें तो यह तरीका न सिर्फ बिजली बिल बढ़ाता है, बल्कि सेहत के लिए भी खतरनाक साबित हो सकती है।
शरीर पर पड़ सकता है असर
डॉक्टरों के अनुसार, अगर बाहर का तापमान 40-45 डिग्री है और आप कमरे के AC का तापमान 16-17 डिग्री पर कर देते है तो शरीर को तापमान के इस अचानक बदलाव के साथ तालमेल बैठाने में दिक्कत आ सकती है। जिस वजह से सर्दी-जुकाम, गले में खराश, सिरदर्द और शरीर में अकड़न जैसी स्वास्थ्य परेशानी हो सकती है। लेकिन अगर पहले से किसी को सांस संबंधी समस्या है तो उनके लिए खतरा बढ़ जाता है।
इसके अलावा AC हवा की नमी कम कर देता है। जिससे आंखें सूखना, त्वचा में खुजली, ड्राई स्किन और डिहाइड्रेशन की शिकायत बढ़ जाती है। ठंडी हवा से ब्लड सर्कुलेशन भी प्रभावित होता है। ऐसी स्थिति से बचने के लिए डॉक्टर्स सलाह देते है कि AC का आदर्श तापमान 24-26 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए।
Also read: भारत में जल्द लॉन्च होगा Samsung Galaxy A27, जानें कीमत और फीचर्स
बढ़ सकता है बिजली का बिल
AC का तापमान 16-17 डिग्री होने पर बिजली का बिल भी बढ़ जाता है। कम तापमान पर एसी का कंप्रेसर ज्यादा देर तक चलता है, जिससे बिजली की खपत 30-50% तक बढ़ सकती है। इससे मशीन पर अतिरिक्त दबाव भी पड़ता है। जिस वजह से कई बार AC समय से पहले खराब होने लगता है।
AC इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतें
1. कमरे और बाहर के तापमान में बहुत ज्यादा अंतर न रखें। (24-26 डिग्री)
2. AC के फिल्टर की समय-समय पर सफाई कराएं।
3. AC की हवा में लंबे समय तक न बैठें।
4. हर 2-3 घंटे में AC बंद करें।
5. पर्याप्त पानी पीते रहें ताकि शरीर में नमी बनी रहे।