‘राहुल गांधी को माफी मांगनी होगी’ जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर किया बड़ा हमला

‘राहुल गांधी को माफी मांगनी होगी’ जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर किया बड़ा हमला

नई दिल्ली: राहुल गांधी के लंदन में दिए बयान पर सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने कहा कि एक ओर आज भारत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन रहा है और वहीं जी20 की बैठकें हो रही हैं, राहुल गांधी विदेशी धरती पर देश और संसद का अपमान कर रहे हैं। मैं राहुल गांधी से जानना चाहता हूं इसके पीछे उनकी मंशा क्या है?

जेपी नड्डा ने कहा कि दुर्भाग्य की बात यह है कि देश विरोधी गतिविधियों में कांग्रेस पार्टी शामिल हो गई है। जनता द्वारा बार-बार नकार दिए जाने के बाद अब राहुल गांधी इस देशविरोधी टूलकिट का एक स्थायी हिस्सा बन गए हैं। किसी दूसरे देश द्वारा भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप की मांग करना भारत की संप्रभुता पर हमला है। मैं राहुल गांधी से जानना चाहता हूं कि यूरोप-अमेरिका को भारत के मामलों में दखल देने के लिए उकसाने के पीछे उनकी क्या मंशा है? आपको इसके लिए माफी मांगनी होगी।

जेपी नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी जी, भारत लोकतंत्र की जननी है। दुनिया की कोई ताकत भारत की लोकतांत्रिक विरासत को नुकसान नहीं पहुंचा सकती। आज देश में आपकी पार्टी की कोई नहीं सुनता, जनता आप पर भरोसा नहीं करती। यही कारण है कि आपकी पार्टी का लगभग सफाया हो गया है।

Leave a comment