इसरो ने केंद्र से चंद्रयान-3 के लिए ₹75 करोड़ की मांग

इसरो ने केंद्र से चंद्रयान-3  के लिए ₹75 करोड़ की मांग

चंद्रयान-2 के बाद अब इंडियन स्पेस रीसर्च ऑर्गनाइजेशन (इसरो) चंद्रयान-3 मिशन की तैयारी कर रहा है। यहां तक कि इसरो ने इसके लिए केंद्र के सामने 75 करोड़ रुपये का बजट भी रखा है।

 यह इसरो को पहले से मिले तय बजट के अलावा सिर्फ इस मिशन के लिए मांगा गया है। वित्त मंत्रालय से इसे लेकर पुष्टि की गई है कि इसरो की ओर से चंद्रयान-3 के लिए बजट मांगा गया है।

मौजूदा वित्तीय वर्ष के सप्लिमेंटरी बजट के प्रावधानों के तहत यह बजट मांगा गया है। इसमें से 60 करोड़ रुपये मशीनरी, उपकरण और दूसरे खर्चों के लिए और बाकी 15 करोड़ रेवेन्यू खर्च के अंतर्गत मांगे गए हैं।

इसरो ने 2019-2020 के दौरान कुल 666 करोड़ रुपये का बजट मांगा है जिसमें से 11% से ज्यादा सिर्फ चंद्रयान-3 के लिए मांगा गया है। 666 करोड़ में से 8.6 करोड़ रुपये 2022 के प्रस्तावित ह्यूमन स्पेसफ्लाइट प्रोग्राम, 12 करोड़ स्मॉल सैटलाइट लॉन्च वीइकल और 120 करोड़ लॉन्चपैड के डिवेलपमेंट के लिए मांगे गए हैं। सबसे ज्यादा डिमांड यूआर राव सैटलाइट सेंटर और सतीश धवन स्पेस सेंटर के लिए की गई है। दोनों के लिए 516 करोड़ रुपये मांगे गए हैं।

सूत्रों ने बताया है कि इसरो को आश्वासन दिया गया है कि उसे पैसे दिए जाएंगे लेकिन प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है।

Leave a comment