Hockey World Cup: हॉकी विश्व कप से बाहर हुआ भारत, न्यूजीलैंड का 21 साल का ये खिलाड़ी बना वजह

Hockey World Cup: हॉकी विश्व कप से बाहर हुआ भारत, न्यूजीलैंड का 21 साल का ये खिलाड़ी बना वजह

Hockey World Cup: भारतीय हॉकी टीम हॉकी वर्ल्ड कप 2023 (Hockey World Cup 2023) से बाहर हो चुकी है। क्रॉसओवर मैच में न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से मात दी। इस हार ने एक बार फिर भारतीय टीम के सपने को तोड़ दिया। अच्छी शुरुआत के बावजूद टीम इंडिया इस मुकाबले को जीत नहीं पाई।

दोनों टीमों के बीच मुकाबले में फुल टाइम तक स्कोर 3-3 से बराबरी पर रहा, लेकिन इसके पेनल्टी शूटआउट में न्यूजीलैंड की टीम ने 5 गोल कर भारत को हरा दिया। दरअसल, न्यूजीलैंड के 21 साल के हॉकी खिलाड़ी सीन फिंडले ने न्यूजीलैंड के लिए फुल टाइम से पहले तीसरा गोल दाग स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद उन्होंने पेनल्टी शूटआउट में 2 गोल कर टीम को शानदार जीत दिलाई।

सीन फिंडले को इस शानदार परफॉर्मेंस के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। हालांकि न्यूजीलैंड के लिए केन रसेल और सैम लेन ने भी गोल किए। आपको बता दें कि भारत ने साल 1975 में आखिरी एवं इकलौती बार हॉकी वर्ल्ड कप पर कब्जा किया था। तब से लेकर भारत हॉकी मुकाबले में शिकस्त खा रहा है।

कौन हैं न्यूजीलैंड के स्टार प्लेयर सीन फिंडले?
 
सीन एथन फिंडले का जन्म 5 दिसंबर 2001 को न्यूजीलैंड के हॉक्स बे शहर में हुआ था। वह न्यूजीलैंड के लिए मिडफील्डर के रूप में खेलते हैं। फिंडले ने 2019 में जोहोर बाहरू में जोहोर कप में न्यूजीलैंड अंडर-21 टीम के लिए अपने करियर की शुरुआत की थी। दिसंबर 2020 में फिंडले को पहली बार ब्लैक स्टिक्स स्क्वाड में नामित किया गया। उन्हें भारत में आयोजित होने वाले FIH जूनियर विश्व कप के लिए 2021 की टीम में भी नामित किया गया था। 
 
फिंडले ने 2021 में पामर्स्टन नॉर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हॉकी सीरीज के दौरान सीनियर नेशनल टीम के लिए डेब्यू किया। वह अपने डेब्यू मैच में भी एक गोल करने का कारनामा कर चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने महज 19 साल की उम्र में टोक्यो ओलंपिक में एंट्री लेकर दुनिया को चौंका दिया था। सीन फिंडले ब्लैक स्टिक्स के अंडर 21 प्लेयर ऑफ द ईयर रह चुके हैं। 

Leave a comment