
IND vs NZ Match: महाराष्ट्र के पुणे में भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है। भारत के लिए दूसरा दिन काफी अहम रहने वाला है। अगर आज टीम इंडिया की बल्लेबाजी निराशाजनक रही, तो भारत दूसरा मुकाबला भी गंवा देगा। इसके साथ ही सीरीज न्यूजीलैंड के नाम हो जाएगी।
दूसरे टेस्ट मैच का पहला दिन भारत के नाम रहा। टीम के स्पिनर्स के सामने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों की एक नहीं चली। न्यूजीलैंड की पहली पारी 259 रनों पर सिमट गई। सभी 10 विकेट स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर और रविचंद्रन अश्विन ने झटके। ऑफ स्पिनर सुंदर ने 59 रन देकर सबसे ज्यादा 7 विकेट अपने नाम किए, जबकि अश्विन ने 64 रन देकर 3 न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों का अपना शिकार बनाया।
बिना खाता खोले आउट हुए रोहित शर्मा
न्यूजीलैंड की पहली पारी खत्म होने के बाद टीम इंडिया बल्लेबाजी करने उतरी। खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने 1विकेट खोकर 16 रन बना लिए थे। कप्तान रोहित शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। वहीं यशस्वी जायसवाल 6 और शुभमन गिल 10 रन बनाकर नाबाद रहे। टीम इंडिया अभी 243 रन पीछे चल रही है। अगर भारतीय टीम को इस मुकाबले में जीत हासिल करनी है तो उन्हें एक मजबूत बढ़त बनानी होगी। जिसके लिए आज का दिन काफी अहम रहने वाला है।
इन बल्लेबाजों पर अहम जिम्मेदारी
कप्तान रोहित शर्मा के आउट होने के बाद बल्लेबाजी की जिम्मेदारी विराट कोहली, शुभमन गिल, सरफराज खान, ऋषभ पंत, यशस्वी जायसवाल और रवींद्र जेडजा पर होगी। अगर टीम इंडिया 259 रनों से कम स्कोर पर सिमट जाती है, तो न्यूजीलैंड के पास इस मैच को जीतकर सीरीज जीतने का मौका होगा।
Leave a comment