HIMACHAL: देश के लोगों ने कांग्रेस पार्टी को पूर्णता से नकार दिया है- सीएम जयराम ठाकुर

HIMACHAL: देश के लोगों ने कांग्रेस पार्टी को पूर्णता से नकार दिया है- सीएम जयराम ठाकुर

चंबा: मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज चम्बा जिला के चम्बा विधानसभा क्षेत्र के साहो में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि साहो में उप-तहसील खोलने के संबंध में शीघ्र ही अधिसूचना जारी की जाएगी और लोगों की सुविधा के लिए पार्किंग का निर्माण किया जाएगा।

जय राम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने चम्बा जिले को आकांक्षी जिला घोषित किया है ताकि जिले की विकासात्मक आवश्यकताओं के लिए अतिरिक्त धनराशि सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को प्रदेश और प्रदेशवासियों के प्रति विशेष लगाव है और गत साढ़े चार वर्षों के दौरान वह राज्य का सात बार दौरा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि गत दिवस मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने चम्बा के मिंजर मेले का विशेष उल्लेख किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के लोगों ने कांग्रेस पार्टी को पूर्णता से नकार दिया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में चार राज्यों में हुए चुनावों में भाजपा ने चारों राज्यों में जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता भी कांग्रेस पार्टी को पूरी तरह से नकार देगी। उन्होंने प्रदेश के आर्थिक संकट के लिए पूर्व की कांग्रेस सरकारों पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के आर्थिक संकट का मूल कारण पिछली सरकार द्वारा अविवेकपूर्ण किए गए व्यय और अनियोजित विकास है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार का कार्यकाल गरीब और पिछड़े लोगों के कल्याण और उत्थान के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सहारा योजना, मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना और हिमकेयर जैसी अनेक योजनाएं प्रदेश के लाखों लोगों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के 400 करोड़ रुपये की तुलना में वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा जरूरतमंद लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान करने के लिए प्रतिवर्ष 1300 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सहारा योजना के अन्तर्गत 20,000 से अधिक गंभीर रूप से बीमार मरीजों के परिवारों को प्रतिमाह 3000 रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार का मूल मंत्र है ‘जहां गरीब वहां सरकार’।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में महिला यात्रियों को किराए में 50 प्रतिशत की छूट और घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 125 यूनिट निःशुल्क बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हित में लिए जा रहे निर्णय कांग्रेसी नेताओं को रास नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन नेताओं को उपभोक्ताओं को उपलब्ध करवाई जा रही निःशुल्क बिजली का स्वेच्छा से त्याग करना चाहिए और यदि वे चाहे तो अन्य उपभोक्ताओं के बिलों का भी भुगतान कर सकते हैं।

Leave a comment