Saharanpur Murder Case: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 24 वर्षीय शिव कुमार के रूप में हुई है, जो शामली जिले के बाबरी थाना क्षेत्र का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार, शिव कुमार अपनी पत्नी आकांक्षा को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने सहारनपुर के गोचर इंटर कॉलेज लेकर आया था। परीक्षा के दौरान वह बाहर इंतजार कर रहा था। परीक्षा खत्म होने के बाद आकांक्षा बाहर आई और दोनों स्कॉर्पियो कार से घर लौटने के लिए निकल पड़े।
जैसे ही उनकी गाड़ी हाईवे की ओर बढ़ी, तभी एक हमलावर ने शिव कुमार पर हमला कर दिया और उसे गोली मार दी। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिव कुमार को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
चार महीने पहले हुई थी शादी
इस हत्याकांड को लेकर प्रेम विवाह से जुड़ी रंजिश का मामला सामने आ रहा है। मृतक की पत्नी आकांक्षा ने पुलिस को बताया कि उसने लगभग चार महीने पहले शिव कुमार से प्रेम विवाह किया था। दोनों परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर एक साथ रहने लगे थे। आकांक्षा का आरोप है कि उसके मायके वाले इस शादी से खुश नहीं थे और लगातार विरोध कर रहे थे।
पारिवारिक रंजिश का लगा आरोप
आकांक्षा ने दावा किया कि उसके भाई मंजीत ने ही उसके पति को गोली मारी है। वहीं, मृतक के भाई शिवम कुमार ने भी इस घटना के पीछे पारिवारिक रंजिश का आरोप लगाया है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया और घटनास्थल से सबूत जुटाए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आरोपी हुआ गिरफ्तारी
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद और प्रेम विवाह से जुड़ी रंजिश का लग रहा है। उन्होंने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। जिस दिन आकांक्षा अपने भविष्य के लिए परीक्षा देने आई थी, उसी दिन उसके जीवन में यह बड़ा हादसा हो गया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।
Also read: लखनऊ में रामभद्राचार्य पर सीएम योगी का बड़ा बयान, बोले- राम भारत की संस्कृति का मूल आधार