Haryana Weather : हरियाणा में मौसम का मिजाज फिर से बदल गया है। हरियाणा में आज मंगलवार को दोपहर में अचानक मौसम में बदलाव हुआ है। जिसके चलते भिवानी, रेवाड़ी, हांसी और महेंद्रगढ़ में झमाझम बारिश हुई, वहीं सिरसा के डबवाली और चरखीदादरी में बारिश के साथ ओले गिरे हैं। इस दौरान तेज हवा भी चली। जानकारी के लिए बता दें कि आज के लिए मौसम विभाग ने 14 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया था। मगर मौसम मे इस बदलाव के कारण लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के चंडीगढ़ केंद्र की ओर से शाम को जारी अपडेट के अनुसार, आज यानि 9 जून को हिसार और भिवानी में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसके अलावा विभाग ने महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, चरखी दादरी, मेवात और पलवल में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना जताई है।
विभाग की जानकारी के मुताबिक, 10 और 11 जून के लिए कैथल, करनाल, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद और जींद में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर सहित कई अन्य जिलों में 40-50 किमी/घंटा की तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।