Haryana News: हरियाणा के फरीदाबाद स्थित जीवन नगर पार्ट-1 में नगर निगम के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने और टैंक में गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जबकि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 26 वर्षीय आकाश और अमन के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से संयंत्र में कार्यरत थे। प्लांट ऑपरेटर शिवम कुमार ने बताया कि आकाश पिछले करीब तीन वर्षों से और अमन लगभग डेढ़ वर्ष से यहां काम कर रहे थे। दोनों अविवाहित थे।
बताया गया कि मंगलवार सुबह ठेकेदार की ओर से टैंक में चैन लगाने और सफाई कार्य करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद आकाश और अमन काम के लिए प्लांट पहुंचे। आकाश सुरक्षा बेल्ट बांधकर टैंक के अंदर उतर रहा था। इसी दौरान टैंक के भीतर मौजूद जहरीली गैस के प्रभाव से उसका संतुलन बिगड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह नीचे की ओर खिंचने लगा और उसकी सुरक्षा बेल्ट भी टूट गई, जिससे वह सीधे टैंक में जा गिरा।
साथी को संकट में देख अमन उसे बचाने के लिए तुरंत टैंक में उतरा, लेकिन उसका भी संतुलन बिगड़ गया और वह भी टैंक के भीतर गिर गया। देखते ही देखते दोनों युवक जहरीली गैस की चपेट में आ गए।
हादसे के दौरान तीसरा कर्मचारी विपिन भी दोनों को बचाने के लिए सुरक्षा बेल्ट बांधकर नीचे उतरने लगा था। हालांकि टैंक से निकल रही गैस का असर उस पर भी होने लगा। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने उसे तुरंत ऊपर खींच लिया, जिससे उसकी जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। मुजेसर थाना पुलिस के एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि सुबह करीब 6:30 बजे हादसे की सूचना मिली थी। इसके बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। टीम ने एक युवक के शव को बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरे को निकालने के लिए अभियान चलाया गया।
पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस और सुरक्षा बेल्ट के टूटने को दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है।