Haryana News: हरियाणा महिला राज्य आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया द्वारा कथित रूप से की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में सोमवार को पूरे प्रदेश में सरकारी नर्सिंग ऑफिसर हड़ताल पर चले गए। नर्सिंग फेडरेशन ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र भेजकर चेयरपर्सन को पद से हटाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, सुबह 10 बजे से राज्य के सभी जिलों के सरकारी अस्पतालों में नर्सिंग स्टाफ ने कामकाज ठप कर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान चेयरपर्सन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। इस आंदोलन में पंचकूला में फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने भी हड़ताल का समर्थन किया।
हड़ताल का असर अस्पताल सेवाओं पर साफ दिखाई दिया, जहां ओपीडी के बाहर मरीजों की भीड़ और परेशानी देखने को मिली। कई अस्पतालों में सामान्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं।
नर्सिंग फेडरेशन ने अपने पत्र में कहा है कि चेयरपर्सन के बयान से स्वास्थ्यकर्मियों की गरिमा को ठेस पहुंची है, इसलिए उन्हें तत्काल पद से हटाया जाए। दूसरी ओर, रेणु भाटिया ने पहले ही बयान दिया है कि वह माफी नहीं मांगेंगी और अपने बयान को लेकर “खुद संभाल लेंगी।”
यह विवाद 7 जून को कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश सिविल अस्पताल से शुरू हुआ था, जब रेणु भाटिया एक 15 वर्षीय लड़की से जुड़े कथित रेप मामले की जांच के लिए पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने प्रिंसिपल मेडिकल ऑफिसर डॉ. साराह अग्रवाल सहित ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग स्टाफ को कथित तौर पर फटकार लगाई थी।