Arvind Kejriwal On Jaat Reservation: दिल्ली विधानसभा चुनाव का ऐलान हो चुका है। सभी राजनीतिक दलों ने तैयारी भी शुरु कर दी है। इस बीच दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जाट आरक्षण का दांव खेला है। उन्होंने दिल्ली के जाटों को आरक्षण ना मिलने का मुद्दा उठाते हुए मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खत लिखकर भी जाट आरक्षण का मुद्दा उठाया है। इतना ही नहीं केजरीवाल ने कांग्रेस को भाजपा की बी टीम भी बताया है। अरविंद केजरीवाल ने सपा, टीएमसी और शिवसेना उद्धव गुट को समर्थन देने के लिए भी धन्यवाद कहा है।
गौरतलब है कि बीते दिनों ही चुनाव आयोग ने दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया था। दिल्ली में 5 फरवरी को सभी 70 सीटों पर मतदान होंगे। वहीं, 8 फरवरी को परिणाम घोषित होंगे। 2020 विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 62 सीटें पर जीत दर्ज की थी। साथ ही भाजपा ने 8 और कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई थी। हालांकि, इस बार कांग्रेस पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरी हुई है। लेकिन केजरीवाल ने गुरुवार को प्रेस वार्ता के दौरान दावा किया है कि यह चुनाव आप और भाजपा के आमने-सामने हैं।
केजरीवाल ने जाट आरक्षण का उठाया मुद्दा
उन्होंने कहा, "केंद्र सरकार ने 10 साल से जाट समाज को OBC आरक्षण के नाम पर धोखा किया। आपने 2015 में जाट समाज के नेताओं को घर बुलाकर वादा किया था कि दिल्ली के जाट समाज को केंद्र की OBC लिस्ट में शामिल किया जाएगा। 2019 में अमित शाह ने जाट समाज को केंद्र की OBC लिस्ट में लाने का वादा किया। राजस्थान के जाट समाज के छात्रों को डीयू में रिजर्वेशन मिलना है तो दिल्ली के जाट समाज को क्यों नहीं मिलता?"
अरविंद केजरीवाल ने कहा, "केंद्र की ओबीसी लिस्ट में न होने से दिल्ली के जाट समाज के हजारों बच्चों को डीयू में दाखिला नहीं मिलता। मोदी सरकार दिल्ली में ओबीसी लिस्ट में होने के बावजूद केंद्र सरकार के संस्थानों में जाटों को लाभ नहीं मिलने दे रही है। दिल्ली के जाट समाज को रिजर्वेशन नहीं मिलता है. कॉलेज के एडमिशन या नौकरी में रिजर्वेशन नहीं मिलता। प्रधानमंत्री ने खुद ये घोषणा की थी, जाट समाज को रिजर्वेशन मिलेगा, फिर भी नहीं किया गया।"
समर्थन देने के लिए कहा धन्यवाद
बता दें, अरविंद केजरीवाल को INDI गंठबंधन के कई दलों ने समर्थन किया है। इसमें सपा, टीएमसी और शिवसेना शामिल हैं। अरविंद केजरीवाल ने प्रेस वार्ता के दौरान सभी को धन्यवाद कहा है। माना जा रहा है कि इन दलों के सभी प्रमुख नेता दिल्ली केजरीवाल के समर्थन में प्रचार करने आ सकते हैं। हालांकि, इससे कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ गई हैं। INDI गठबंधन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस से सभी विपक्षी दल दूरी बनाते नजर आ रही है।
Leave a comment