Haryana News: हरियाणा के नूंह जिले में गो-तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस और तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर उस समय हुई जब पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया। मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
बैरिकेड तोड़कर भागने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, पुन्हाना सीआईए की टीम नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक ने पुलिस के निर्देशों की अनदेखी करते हुए बैरिकेड तोड़ दिए और वाहन लेकर फरार होने का प्रयास किया।
इसके बाद पुलिस टीम ने वाहन का पीछा शुरू किया और बाड़ी कोठी क्षेत्र के पास उसे घेर लिया।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल
पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार के अनुसार, खुद को घिरता देख वाहन में सवार तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसका दूसरा साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।
मध्य प्रदेश निवासी आरोपी गिरफ्तार
घायल आरोपी की पहचान असलम पुत्र इब्राहिम निवासी मांदोसर, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
मौके से एक पिकअप वाहन, एक देसी कट्टा, कारतूस तथा पांच गोवंश बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोवंश को कथित रूप से अवैध तरीके से ले जाया जा रहा था।
मेडिकल कॉलेज में चल रहा उपचार
घायल आरोपी को तुरंत उपचार के लिए शाहिद हसन खां मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।