आपातकाल भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में एक काले धब्बे की तरह है- पीएम मोदी

आपातकाल भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में एक काले धब्बे की तरह है- पीएम मोदी

नई दिल्ली:  जर्मनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी म्यूनिख में एक सामुदायिक कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया है। उन्होंने कहा कि आपातकाल का कालखंड भारत के जीवंत लोकतांत्रिक इतिहास में एक काले धब्बे की तरह है। लेकिन इस काले धब्बे पर सदियों से चली आ रही लोकतांत्रिक परंपराओं की श्रेष्ठता भी पूरी शक्ति के साथ विजय हुई।

पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन 26 जून एक और वजह से जाना जाता है। जो लोकतंत्र हमारा गौरव है, जो लोकतंत्र हर भारतीय के DNA में है, आज से 47 साल पहले इसी समय उस लोकतंत्र को बंधक बनाने, लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास किया गया था। उन्होंने कहा कि भारत के लोगों ने लोकतंत्र को कुचलने की सारी साजिशों का जवाब, लोकतांत्रिक तरीके से ही दिया। हम भारतीय कहीं भी रहें, अपने लोकतंत्र पर गर्व करते हैं। हर हिंदुस्तानी गर्व से कहता है, भारत मदर ऑफ डेमोक्रेसी है।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि आज 21वीं सदी का भारत, चौथी औद्योगिक क्रांति में, इंडस्ट्री 4.0 में, पीछे रहने वालों में नहीं बल्कि इस औद्योगिक क्रांति का नेतृत्व करने वालों में से एक है। सूचान प्रौद्योगिकी में, डिजिटल टेक्नॉलोजी में भारत अपना परचम लहरा रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत के हर गांव तक बिजली पहुंच चुकी है। आज भारत का लगभग हर गांव, सड़क मार्ग से जुड़ चुका है। आज भारत के 99% से ज्यादा लोगों के पास क्लीन कुकिंग के लिए गैस कनेक्शन है। आज भारत का हर परिवार बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ा हुआ है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज का भारत “होता है, चलता है, ऐसे ही चलेगा” वाली मानसिकता से बाहर निकल चुका है। आज भारत ‘करना है’ ‘करना ही है’ और ‘समय पर करना है’ का संकल्प रखता है। उन्होंने कहा कि आज भारत में 90% वयस्क आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज़ लग चुकी हैं। 95% वयस्क ऐसे हैं, जो कम से कम एक डोज़ ले चुके हैं। ये वही भारत है, जिसके बारे में कुछ लोग कह रहे थे कि सवा अरब आबादी को वैक्सीन लगाने में 10-15 साल लग जाएंगे।

Leave a comment