खुशखबरी! दिल्ली वालों को जल्द मिलेगी जाम से निजात, इस दिन तक पूरा हो जाएगा चिराग दिल्ली फ्लाईओवर का काम

खुशखबरी! दिल्ली वालों को जल्द मिलेगी जाम से निजात, इस दिन तक पूरा हो जाएगा चिराग दिल्ली फ्लाईओवर का काम

नई दिल्ली: चिराग दिल्ली फ्लाईओवर की मरम्मत का कार्य जोर-शोर से चल रहा है और मरम्मत कार्य का जायजा लेने के लिए पीडब्ल्यूडी मंत्री आतिशी पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ चिराग दिल्ली फ्लाईओवर पर पहुंची। साथ ही उन्होंने एक डेड लाइन दी है की 31 मार्च तक चिराग दिल्ली फ्लाईओवर का एक हिस्से का काम पूरा हो जाएगा।

नेहरू पैलेस से आईआईटी जाने वाले चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के एक हिस्से को बंद किया गया है। फ्लाईओवर की मरम्मत को लेकर 25 दिन का टाइम पीडब्ल्यूडी के द्वारा दिया गया था। यहां 12 मार्च से इस फ्लाईओवर की मरम्मत का काम शुरू हुआ था और अब यह काम 31 मार्च को पूरा हो जाएगा। साथ ही जाम में फंसने वाले लोगों के लिए पीडब्ल्यूडी मंत्री ने कहा कि हम दिल्ली वालों की दिक्कतों को समझते हैं और इसी वजह से हम दिल्ली ट्राफिक पुलिस के अधिकारियों से भी बात कर रहे हैं कि जहां-जहां पर ट्रैफिक को डायवर्ट किया जा सकता है वहां पर वह काम भी किया जाए।

चिराग दिल्ली फ्लाईओवर को 12 मार्च से बंद होने के बाद चिराग दिल्ली के आसपास के इलाकों में काफी जाम देखा जा रहा है। हर रोज राहगीरों को जाम की समस्याओं से दो-चार होना पड़ रहा है। यही वजह है कि आज पीडब्ल्यूडी मंत्री आतिशी मरम्मत कार्य का ज्यादा लेने के लिए खुद चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के ऊपर पहुंची। उन्होंने जल्द से जल्द काम करने के सख्त निर्देश पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए।

पीडब्ल्यूडी मंत्री आतिशी ने कहा मरम्मत का काम बेहद जरूरी है। अगर किसी अनहोनी से बचना है तो फ्लाईओवर का वक्त पर मरम्मत होना बेहद जरूरी है। दिल्ली सरकार की प्राथमिकता है कि काम तेजी से हो और यही वजह है कि हमने इन्हें डेडलाइन दे दी है 31 मार्च तक काम पूरा हो जाएगा। वैसे तो काम पूरा होने का समय 50 दिनों का लिया गया था लेकिन देखा जा रहा है कि राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और जाम की समस्या भी पूरी दिल्ली में बनी हुई है इस वजह से एक काम को तेजी से करने के सख्त निर्देश दिए जा रहे हैं।

Leave a comment