भाजपा कार्यकर्ताओं को पीएम मोदी ने दिया जीत का मंत्र, कहा- दिल्ली को AAP-दा ने जिन मुसीबतों और संकटों में डाला हुआ है

भाजपा कार्यकर्ताओं को पीएम मोदी ने दिया जीत का मंत्र, कहा- दिल्ली को AAP-दा ने जिन मुसीबतों और संकटों में डाला हुआ है

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नमो एप के जरिए भाजपा कार्यकर्ताओं को चुनाव से पहले जीत का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के सभी साथियों को मेरा नमस्कार। दिल्ली के आप सभी बूथ कार्यकर्ताओं से बात करना मेरे लिए बहुत ही खुशी का अवसर है। क्योंकि सालों तक मुझे इस काम में बड़ा आनंद रहा है और स्वाभाविक है कि ऐसे कार्यक्रम का मैं हमेशा इंतजार करता रहता हूं। हजारों बूथ कार्यकर्ताओं ने इस कार्यक्रम के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से ढेर सारे सुझाव रखे हैं। नमो एप के माध्यम से भी हजारों सवाल आए हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि 'मेरा बूथ-सबसे मजबूत' केवल एक कार्यक्रम नहीं है। ये भाजपा की जीवंतता, भाजपा की जड़ों की ताकत और जिन जड़ों से भाजपा का विस्तार हुआ है, उसके मूल में आप सब कार्यकर्ताओं ने जिसे अपना जीवन मंत्र बनाया है, वो है ' मेरा बूथ-सबसे मजबूत'। उन्होंने कहा कि दिल्ली के बूथ स्तर के भाजपा कार्यकर्ता की क्या ताकत है, ये किसी से छुपा नहीं है। इस बार आपने दिल्ली के हजारों बूथ जीते, तब जाकर सातों सीटों पर भाजपा विजयी हुई है।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि मुझे पक्का विश्वास है कि दिल्ली में ये जो संगठन की ताकत है, हर बूथ पर तीन-तीन, चार-चार पीढ़ी के कार्यकर्ता हैं, यही शक्ति इस बार विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को प्रचंड विजय दिलाएगी। मुझे विश्वास है कि अपने-अपने बूथ पर आप जो मेहनत कर रहे हैं, उसके चलते आप भारी विजय प्राप्त करने ही वाले हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा की जीत पक्की करने के लिए दिल्ली की जनता पक्के निर्णय के साथ निकल पड़ी है। साथियों, आपको 5 फरवरी को दिल्ली के लोगों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में पोलिंग बूथ तक पहुंचाना है। ठंड कितनी ही क्यों न हो, हमें सुबह से ही मतदान की तीव्रता को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि हमें याद रखना है कि सबसे बड़ा लक्ष्य भाजपा सरकार बनाने का है। दिल्ली को AAP-दा ने जिन मुसीबतों और संकटों में डाला हुआ है, हमें दिल्ली को उनसे मुक्त कराना है। जब ऐसा होगा, तभी दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाने का संकल्प सिद्ध हो पाएगा।

Leave a comment