पृथ्वी की कक्षा छोड़ चंद्रयान-2 ने बढ़ाए चांद की ओर कदम

पृथ्वी की कक्षा छोड़ चंद्रयान-2 ने बढ़ाए चांद की ओर कदम

चंद्रमा पर पहुंचने का भारत का सपना अब साकार होते दिख रहा है। जी हां देश के दूसरे चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-2’ ने बुधवार को पृथ्वी की कक्षा छोड़ दी और यह चंद्रमा की ओर बढ़ रहा है।

चंद्रयान-2 ने आज तड़के पृथ्वी की कक्षा से बाहर निकलकर चंद्रमा की कक्षा की ओर कूच कर दिया है। वही अगर वैज्ञानिकों की मानें तो पृथ्वी की कक्षा से चंद्रमा की कक्षा के बीच के गलियारे की यह यात्रा लगभग सात दिनों की होगी। इसरो के वैज्ञानिकने इसे चंद्रपथ पर डालने के लिए आज सुबह एक महत्वपूर्ण अभियान प्रक्रिया को अंजाम दिया। अंतरिक्ष एजेंसी ने बताया कि भारतीय समयानुसार बुधवार तड़के तीन बजे से सुबह चार बजे के बीच अभियान प्रक्रिया ‘ट्रांस लूनर इंसर्शन’ (टीएलआई) को अंजाम दिया गया है। धरती की कक्षा से निकलने के बाद चंद्रयान-2 को चंद्रमा की कक्षा में स्‍थापित कराया जाएगा। वहां पहुंचने के बाद एक बार फिर बदलाव की प्रक्रिया शुरू होगी। इस तरह सात सितंबर को यह चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरेगा जिस हिस्‍से में अभी तक कोई यान नहीं उतरा है। वही इसरो वैज्ञानिकों का कहना है कि चंद्रयान-2 अभी तक तय कार्यक्रम के मुताबिक ही काम कर रहा है। इसके सभी उपकरण सही तरीके से काम कर रहे हैं।

आपको बता दे कि अभी तक यह ऊपर उठाने के पांच प्रक्रिया चरणों को अंजाम दे चुका है। पांचवें प्रक्रिया चरण को छह अगस्त को अंजाम दिया गया था। इसके बाद इसरो ने कहा था कि अंतरिक्ष यान के सभी मानक सामान्य हैं। ‘कक्षीय उत्थापन’ (यान को कक्षा में ऊपर उठाने) की प्रक्रिया को यान में उपलब्ध प्रणोदन प्रणाली के जरिए अंजाम दिया जाता है। चांद की सतह पर लैंडिंग के बाद भारत ऐसा करने वाला चौथा देश बन जाएगा।

Leave a comment