Yes Madam Layoff: नोएडा स्थित डोरस्टेप ब्यूटी सर्विस कंपनी ‘यस मैडम’इन दिनों एक गंभीर विवाद का सामना कर रही है। कंपनी ने हाल ही में 100से अधिक कर्मचारियों को अचानक नौकरी से निकाल दिया। यह कदम एक सर्वे के परिणामों के आधार पर उठाया गया, जिसमें कर्मचारियों के कार्यस्थल पर तनाव का आकलन किया गया था।
सर्वे के आधार पर लिया गया निर्णय
कंपनी ने अपने कर्मचारियों से एक सर्वे कराया था, जिसमें काम के दौरान महसूस किए गए तनाव के बारे में सवाल किए गए थे। सर्वे के बाद, जिन कर्मचारियों ने तनाव की समस्याओं का जिक्र किया, उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया। कर्मचारियों को इस फैसले के बारे में ईमेल के जरिए सूचित किया गया, जिसमें कंपनी ने इस कदम का बचाव किया।
ईमेल में लिखा गया, "प्रिय टीम, हमने हाल ही में आपके काम के तनाव को समझने के लिए एक सर्वे किया। आपने जो चिंताएं साझा की हैं, उन्हें हम गंभीरता से लेते हैं। कंपनी ने यह निर्णय लिया है कि उन कर्मचारियों को काम से अलग किया जाए, जो तनावपूर्ण स्थिति में थे, ताकि एक स्वस्थ और सपोर्टिव वर्क एनवायरनमेंट को बढ़ावा दिया जा सके।"
सोशल मीडिया पर कर्मचारियों की कड़ी प्रतिक्रिया
कंपनी के इस फैसले के बाद यस मैडम की यूएक्स कॉपीराइटर अनुष्का दत्ता ने लिंक्डइन पर एक पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने इस कदम को निंदनीय बताया। उन्होंने लिखा, "हमसे सर्वे कराया जाता है, और फिर हमें नौकरी से निकाल दिया जाता है, सिर्फ इसलिए क्योंकि हम तनाव में थे।" इस पोस्ट पर कई लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी। कुछ ने इसे अमानवीय कदम बताया, जबकि कुछ ने इसे कंपनी का पीआर स्टंट करार दिया। एक यूजर ने लिखा, "यह पूरी तरह से अविश्वसनीय और पागलपन है।"
हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि यह छंटनी असल में हुई है या कंपनी का कोई पीआर स्टंट था। लेकिन यह कदम और उसके बाद का माहौल सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। अब यह देखना होगा कि यह फैसला कंपनी की छवि को कैसे प्रभावित करेगा और आने वाले दिनों में इसकी प्रतिक्रिया कैसी होगी।
Leave a comment