KhabarFast

शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा उछला; निफ्टी 23,800 के पार

Shivani Jha | 22 May, 2026

Stock Market News: भारतीय शेयर बाजार में आज शानदार तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 500 अंकों से ज्यादा उछल गया, जबकि निफ्टी भी 23,800 के स्तर को पार कर गया। निवेशकों की मजबूत खरीदारी और वैश्विक संकेतों के चलते बाजार में उत्साह का माहौल बना रहा। दोपहर करीब 12 बजे BSE Sensex 542 अंक से ज्यादा बढ़कर 75,725 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं Nifty 50 160 अंकों की तेजी के साथ 23,815 के करीब पहुंच गया। बीएसई के टॉप 30 शेयरों में से 21 शेयर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि केवल 9 शेयरों में गिरावट देखी गई।

एशियाई बाजारों से मिले अच्छे संकेत

एशियाई बाजारों से भी अच्छे संकेत मिले। जापान का निक्केई, दक्षिण कोरिया का कोस्पी, हांगकांग का हैंग सेंग और चीन का शंघाई कंपोजिट बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे। अमेरिकी बाजार भी पिछले कारोबारी सत्र में मजबूती के साथ बंद हुए थे, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी दिखाई दिया। बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह भारत और अमेरिका के बीच संभावित ट्रेड डील को माना जा रहा है। खबर है कि दोनों देशों के बीच जल्द व्यापार समझौता हो सकता है। अमेरिकी अधिकारियों के हालिया बयानों के बाद निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है।

तेल की कीमतों में गिरावट 

इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में नरमी ने भी बाजार को सहारा दिया। अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की संभावना बढ़ने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। इससे भारत जैसे तेल आयात करने वाले देशों को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ी है। भारतीय रुपये में भी मजबूती देखने को मिली। इंटरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले मजबूत हुआ। इससे निवेशकों का भरोसा और बढ़ा।

Also read: Today Gold-Silver Price: सोने की चमक फिर बढ़ी, चांदी ₹5000 उछली; जानें अपने शहर का लेटेस्ट रेट