KhabarFast

IPL 2026: मैदान पर चमके अर्जुन तेंदुलकर, बेटे की गेंदबाजी देख गदगद हुए सचिन; बोले - तुम पर गर्व है...

Nancy | 24 May, 2026

 Arjun Tendulkar Performance in IPL 2026: IPL 2026 के लीग स्टेज के आखिरी मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हुए अर्जुन तेंदुलकर ने अपनी काबिलियत से क्रिकेट फैंस का दिल जीत ही लिया। दरअसल, 23 मई को पंजाब किंग्स के खिलाफ गेंदबाजी करते हुए अर्जुन ने 4 ओवर में सिर्फ 36 रन देकर 1 विकेट लिया। इस दौरान उनकी यॉर्कर और सटीक लाइन-लेंथ ने सबका ध्यान खींचा। खास बात यह है कि अर्जुन तेंदुलकर ने LSG के लिए अपना IPL डेब्यू किया और पहली ही मैच में शानदार गेंदबाजी कर सबको हैरान कर दिया। इस शानदार प्रदर्शन को देखकर पिता सचिन तेंदुलकर का गर्व और प्यार सोशल मीडिया पर छलक पड़ा। उन्होंने बेटे अर्जुन के लिए एक दिल छू लेने वाला संदेश लिखा, जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Also read: IPL 2026: हेनरिक क्लासेन ने किया वो कारनामा जो बड़े-बड़े धुरंधर नहीं कर पाए, बेंगलुरु के खिलाफ रचा इतिहास

अर्जुन तेंदुलकर का शानदार प्रदर्शन

बता दें, बीते दिन लखनऊ के इकाना स्टेडियम में पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच IPL 2026 के लीग स्टेज का आखिरी मैच खेला गया। जिसमें अर्जुन तेंदुलकर ने अपने चार ओवर पूरे करते हुए 36 रन देकर एक विकेट हासिल किया। इस बीच प्रभसिमरन सिंह उनका शिकार बने और घातक यॉर्कर पर LBW आउट किया।

मैच के दौरान अर्जुन ने अपना पहला ओवर सिर्फ चार रन देकर खत्म किया। दूसरे ओवर में श्रेयस अय्यर और प्रभसिमरन ने कुछ बड़े शॉट लगाए, लेकिन अर्जुन ने वापसी करते हुए उन्होंने 15वें ओवर में शानदार यॉर्कर डाली, जिस पर प्रभसिमरन 69 रन बनाकर आउट हो गए। इस तरह अर्जुन IPL में अपना चौथा विकेट चटकाने में कामयाब रहे।

सचिन तेंदुलकर का पोस्ट

दूसरी तरफ, बेटे के इस प्रदर्शन से खुश सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया पर अर्जुन की तारीफ की। उन्होंने लिखा 'Well done, Arjun. इस पूरे सीजन में जिस तरह तुमने खुद पर भरोसा बनाए रखा, धैर्य रखा, चुपचाप मेहनत की और आखिरी मैच तक मौके का इंतजार करते हुए भी सकारात्मक बने रहे, उस पर मुझे गर्व है। क्रिकेट धैर्य और स्किल दोनों की परीक्षा लेता है, और तुमने दोनों को आज खूबसूरती से संभाला। ज़मीन से जुड़े रहना और खेल से प्यार करते रहना। Love you always.'

वहीं, अर्जुन की बहन सारा तेंदुलकर ने भी अपने भाई की सफलता पर खुशी जाहिर की। सारा ने सोशल मीडिया के जरिए अर्जुन को बधाई दी, जिसके बाद तेंदुलकर परिवार की यह तस्वीर और पोस्ट इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गए।

अर्जुन तेंदुलकर की क्रिकेट करियर

मालूम हो कि अर्जुन तेंदुलकर लंबे समय से अपनी क्रिकेट यात्रा को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। शुरुआती दौर में उन्हें अक्सर महान क्रिकेटर के बेटे होने के कारण ज्यादा दबाव और तुलना का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने लगातार मेहनत और धैर्य के साथ खुद को साबित करने की कोशिश जारी रखी। हालिया मुकाबले में उनकी सटीक लाइन-लेंथ और नियंत्रित गेंदबाजी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। फैंस लगातार अर्जुन के उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि वह आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाएंगे।