KhabarFast

यूपी में 2759 पदों पर निकली भर्ती, जानें कब तक कर सकते हैं आवेदन

Shivani Jha | 24 May, 2026

UPSSSC Group C Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश सबोर्डिनेट सर्विसेज सिलेक्शन कमीशन ने सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी भर्ती निकाली है। आयोग ने टेक्निकल ग्रुप-सी भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के तहत कुल 2759 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। कृषि और इससे जुड़े विषयों में पढ़ाई कर चुके उम्मीदवारों के लिए यह शानदार मौका माना जा रहा है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 मई से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की आखिरी तारीख 11 जून तय की गई है। इसी दिन तक आवेदन शुल्क भी जमा करना होगा। वहीं फॉर्म में किसी तरह की गलती होने पर उम्मीदवार 18 जून तक सुधार कर सकेंगे।

सामान्य वर्ग के लिए 1107 पद 

आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पदों का वर्गवार बंटवारा भी किया गया है। सामान्य वर्ग के लिए 1107 पद, ओबीसी वर्ग के लिए 745 पद, अनुसूचित जाति के लिए 579 पद, अनुसूचित जनजाति के लिए 55 पद और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 273 पद आरक्षित किए गए हैं। भर्ती के लिए उम्मीदवार के पास कृषि में ग्रेजुएशन की डिग्री होना जरूरी है। 

इसके अलावा बागवानी, वानिकी, कृषि इंजीनियरिंग या होम साइंस में चार वर्षीय डिग्री रखने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उम्मीदवार के पास UPSSSC PET 2025 का वैध स्कोर कार्ड होना अनिवार्य है। बिना PET स्कोर के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

क्या आयु सीमा

आयु सीमा की बात करें तो न्यूनतम उम्र 21 साल और अधिकतम उम्र 40 साल तय की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी। इस भर्ती के लिए आवेदन शुल्क सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए केवल 25 रुपये रखा गया है। उम्मीदवार ऑनलाइन माध्यम से फीस जमा कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। सबसे पहले PET 2025 स्कोर के आधार पर उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी। इसके बाद लिखित परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा। आखिर में फाइनल मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।

Also read: UP NEWS: यूपी के बाराबंकी में महिलाओं को पीटा, बच्चों पर तानी पिस्टल, 40 मिनट तक परिवार को बंधक बनाकर 95 लाख की लूट