KhabarFast

Rajpal Yadav First Reaction: चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव 11 दिन बाद जेल से रिहा, अभिनेता ने जताई खुशी

Parth Jha | 17 Feb, 2026

Rajpal Yadav First Reaction: बॉलीवुड के अभिनेता राजपाल यादव करीब 11 दिन बाद जेल से बाहर आ गए हैं। वह चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद थे। सोमवार, 17 फरवरी को उन्हें कोर्ट से जमानत मिलने के बाद रिहा किया गया। जेल से बाहर आते ही राजपाल यादव ने मीडिया से बात की और खुशी जताते हुए सभी लोगों का समर्थन करने के लिए धन्यवाद दिया।

बच्चा-बच्चा मेरे साथ- राजपाल यादव

जेल से बाहर आते ही राजपाल यादव ने कहा कि मुझे बॉलीवुड में करीब तीस साल हो गए हैं। दुनिया का बच्चा-बच्चा मेरे साथ रहा है। 2012-13 से ये सिलसिला शुरू हुआ था। पूरा देश मेरे साथ रहा है। मेरा इरादा क्या था, ये सब जानते हैं। कोर्ट के सभी आदेशों का पालन किया और आगे भी करूंगा। कानूनी बातें मैं ज्यादा नहीं बता पाऊंगा। उन्होंने आगे कहा कि मुझे सबका समर्थन मिला है। सोशल मीडिया पर लोग मुझे प्यार दे रहे हैं। डेढ़ सौ करोड़ लोग मुझे प्यार करते हैं। बाकी सबके साथ मेरा सिर्फ एंटरटेनमेंट का रिश्ता है। मुझे जैसा बॉलीवुड ने प्यार दिया, उसी के लिए आभारी हूं। मुझ पर जो भी आरोप हैं, मैं हर जगह उपलब्ध हूं।

चेक बाउंस मामला

राजपाल यादव ने 5 फरवरी को चेक बाउंस मामले में खुद सरेंडर किया था। इसके बाद गुरुवार को मामले की सुनवाई हुई, लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए बेल की अपील की, लेकिन कोर्ट ने जमानत नहीं दी। सोमवार, 16 फरवरी को उनकी बेल अर्जी पर सुनवाई हुई और उन्हें जमानत मिल गई।

यह मामला 2010 का है। उस समय राजपाल यादव ने एक फिल्म बनाने के लिए एक बिजनेसमैन से 5 करोड़ रुपये उधार लिए थे। लेकिन फिल्म फ्लॉप हो गई और उनके सारे पैसे डूब गए। समय पर रकम न चुका पाने के कारण यह कर्ज बढ़कर 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। पैसे चुकाने में असमर्थ होने के कारण राजपाल ने सरेंडर करना ही बेहतर समझा।

मीडिया को दिया सकारात्मक रुख

राजपाल यादव की रिहाई के बाद उनके प्रशंसकों और बॉलीवुड में उनके साथ काम करने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है। अभिनेता ने जेल से बाहर निकलते ही मीडिया के सामने सकारात्मक रुख दिखाया और अपने स्पोर्ट्स का धन्यवाद किया।