IPL 2026: श्रेयस अय्यर ने लखनऊ सुपर जेंट्स के खिलाफ ऐसा धमाकेदार शतक लगाया, जिसने IPL के प्लेऑफ का पूरा समीकरण बदल दिया। पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने करो या मरो के मुकाबले में नाबाद 101 रन बनाकर टीम को शानदार जीत दिलाई। इस हार के साथ दिल्ली कैपिटल्स का प्लेऑफ का सपना भी टूट गया। लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने 197 रनों का बड़ा लक्ष्य सिर्फ 18 ओवर में हासिल कर लिया। श्रेयस अय्यर ने 51 गेंदों पर 101 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी में 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
दिल्ली कैपिटल्स को लगा झटका
वहीं प्रभसिमरण सिंह ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों पर 69 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 140 रनों की बड़ी साझेदारी की, जिसने मैच पूरी तरह पंजाब के पक्ष में कर दिया। लखनऊ के गेंदबाज इस साझेदारी को तोड़ने में पूरी तरह नाकाम रहे। पंजाब की इस जीत का सबसे बड़ा झटका दिल्ली कैपिटल्स को लगा। दिल्ली अब अधिकतम 14 अंक तक ही पहुंच सकती है, जबकि पंजाब किंग्स 15 अंकों के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गई है।
दिल्ली प्लेऑफ की दौड़ से हुई बाहर
इसके साथ ही दिल्ली आधिकारिक तौर पर प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई। अब आखिरी प्लेऑफ स्थान के लिए पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला बचा है। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु , गुजरात टिटनस और सुनरिसेर्स हैदराबाद पहले ही प्लेऑफ में जगह बना चुकी हैं।
पंजाब का सीजन लगभग खत्म
राजस्थान रॉयल्स अगर मुंबई इंडियंस को हरा देती है, तो वह सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। वहीं, कोलकाता को उम्मीद करनी होगी कि राजस्थान हार जाए और फिर दिल्ली के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। लगातार 6 हार के बाद पंजाब का सीजन लगभग खत्म माना जा रहा था, लेकिन श्रेयस अय्यर के आईपीएल करियर के पहले शतक ने टीम को नई उम्मीद दे दी है। अब आखिरी प्लेऑफ टीम का फैसला 24 मई को होगा।