KhabarFast

Punjab News: बठिंडा में प्लॉट विवाद में चली गोलियां, 2 लोग हुए घायल; इलाके में पर तनाव

Parth Jha | 14 Mar, 2026

Punjab Crime Newsपंजाब के बठिंडा शहर के नरूआणा–बीड़ रोड इलाके में प्लॉट की निशानदेही को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात फायरिंग तक पहुंच गई। कथित तौर पर एक पक्ष की ओर से की गई ताबड़तोड़ फायरिंग में दो लोग घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल बठिंडा में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार प्लॉट की निशानदेही को लेकर जालंधर सिंह और रणजीत कौर के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी सिलसिले में दोनों पक्ष नरूआणा रोड क्षेत्र में आमने-सामने आ गए। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी।पुलिस के मुताबिक जालंधर सिंह की तरफ से लाल सिंह और हरप्रीत सिंह मौके पर पहुंचे थे, जबकि रणजीत कौर की ओर से दिलप्रीत नरूआणा वहां मौजूद था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दिलप्रीत नरूआणा ने गोली चला दी, जिससे लाल सिंह और हरप्रीत सिंह घायल हो गए।

इलाके में अफरा-तफरी का माहौल

फायरिंग की घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से संबंधित जानकारी जुटाई है।डीएसपी देहाती संदीप भाटी ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि फायरिंग लाइसेंसी हथियार से की गई थी या अवैध हथियार का इस्तेमाल हुआ है। फिलहाल इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है, ताकि दोबारा किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।