America Iran Talks: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच अब बातचीत की नई कोशिशें तेज होती दिख रही हैं। खबर है कि दोनों देशों के बीच अगला दौर इस्लामाबाद में हो सकता है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन हाल की गतिविधियां इसी दिशा में इशारा कर रही हैं। जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान के रावलपिंडी स्थित नूर खान एयरबेस पर अमेरिकी सेना के बड़े विमान उतर चुके हैं। यह एयरबेस इस्लामाबाद के काफी करीब है। इसके अलावा, एयरपोर्ट से इस्लामाबाद के रेड जोन तक जाने वाली सड़कों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इससे साफ है कि सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है।
इस्लामाबाद के बड़े होटल में नई बुकिंग पर रोक
इस्लामाबाद के बड़े होटल, जैसे सेरेना होटल और मैरियट होटल, को भी खाली कराया जा रहा है। यहां नई बुकिंग पर रोक लगा दी गई है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि बड़े स्तर की बैठक की तैयारी चल रही है। इससे पहले 11 अप्रैल को बातचीत का पहला दौर सेरेना होटल में हुआ था। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों देशों के अधिकारी लगातार संपर्क में हैं और इस्लामाबाद के जरिए बातचीत आगे बढ़ा रहे हैं। कोशिश की जा रही है कि अगली बैठक से पहले कुछ मुद्दों पर सहमति बना ली जाए। पहले खबर आई थी कि प्रतिनिधि जल्द पहुंच सकते हैं, लेकिन ईरान ने इस पर साफ इनकार किया था।
डोनाल्ड ट्रंप सीजफायर बढ़ाने के पक्ष में नहीं
इस बीच, ईरान और अमेरिका के बीच लागू सीजफायर 21 अप्रैल को खत्म होने वाला है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इसे आगे बढ़ाया जाएगा या नहीं। बताया जा रहा है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सीजफायर बढ़ाने के पक्ष में नहीं हैं। पाकिस्तान की भूमिका इस पूरे मामले में अहम हो गई है। सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने हाल ही में ईरान का दौरा किया और वहां के नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान बातचीत से समाधान निकालने पर जोर दिया गया।
क्षेत्र में तनाव हो सकता है कम
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने भी कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को व्यापारिक जहाजों के लिए खोल दिया गया है। इसे बातचीत के माहौल को बेहतर बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम माना जा रहा है। अगर बातचीत सफल होती है, तो क्षेत्र में तनाव कम हो सकता है।