KhabarFast

ट्विशा शर्मा मौत मामले में नया खुलासा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने आत्महत्या की ओर किया इशारा

Shivani Jha | 19 May, 2026

Twisha Sharma Case: भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में जांच से जुड़ी एक अहम रिपोर्ट सामने आई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फंदे में इस्तेमाल किए गए बेल्ट की जांच रिपोर्ट में यह सामने आया है कि ट्विशा ने कथित तौर पर उसी बेल्ट से फांसी लगाई थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि लिगेचर यानी फंदे की जांच आत्महत्या की ओर संकेत करती है। 

जिमनास्टिक बेल्ट से लटका मिला था शव

जानकारी के अनुसार, ट्विशा का शव घर की छत पर लगे पाइप से बंधे जिमनास्टिक बेल्ट से लटका मिला था। शुरुआती जांच में माना गया कि इसी बेल्ट का इस्तेमाल फांसी लगाने के लिए किया गया। हालांकि पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के समय यह बेल्ट जांच टीम को नहीं भेजा गया था। बाद में दो दिन पहले इसे जांच के लिए उपलब्ध कराया गया।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। वहीं, दूसरी तरफ ट्विशा के परिवार ने इस मामले को हत्या बताया है। परिजनों का आरोप है कि ट्विशा को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। ट्विशा के परिवार ने भोपाल जिला अदालत में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। परिवार चाहता है कि पोस्टमार्टम दिल्ली एम्स में कराया जाए। परिजनों ने यह भी मांग की है कि शव को माइनस 4 डिग्री तापमान में सुरक्षित रखा जाए ताकि जांच प्रभावित न हो।

मोहन यादव के आवास के बाहर किया गया प्रदर्शन

रविवार को ट्विशा के परिवार ने मोहन यादव के आवास के बाहर प्रदर्शन भी किया। परिवार का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने सुनियोजित तरीके से ट्विशा की हत्या की और सबूत मिटाने की कोशिश की गई। परिजनों ने ट्विशा की सास गिरीबाला सिंह पर भी जांच को प्रभावित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि प्रभाव का इस्तेमाल कर मामले को दबाने की कोशिश हो रही है।

दो महीने की गर्भवती थीं ट्विशा

बताया जा रहा है कि ट्विशा दो महीने की गर्भवती थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन किया है। इस बीच गिरीबाला सिंह को अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जबकि पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई जारी है। ट्विशा के पिता ने चेतावनी दी है कि अगर न्याय नहीं मिला तो वह मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्मदाह करेंगे। फिलहाल पूरा मामला जांच के दायरे में है और पुलिस अंतिम निष्कर्ष तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। 

Also read: Chandigarh News: चंडीगढ़ में पुलिस और गैंगस्टर के बीच मुठेभड़, बस स्टैंड के पास फायरिंग, 3 बदमाश धर दबोचे