IMD Rainfall Alert: भारत मौसम विभाग (IMD) ने 01 और 02 मई को उत्तर भारत में मौसम में बड़े बदलाव का अलर्ट जारी किया है। दरअसल, इन दिनों एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसका असर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान समेत कई राज्यों में देखने को मिल रहा है। IMD ने इन राज्यों में धूल भरी आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जचाई है। इस दौरान तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट भी हो सकती है। इसके अलावा कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी भी दी गई है।
देशभर में कैसा रहेगा मौसम?
IMD के ताजा अपडेट के अनुसार, दिल्ली-NCR में 01 और 02 मई को बादल छाए रहेंगे। जिसके बाद हल्की बारिश के साथ 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 2-4 डिग्री नीचे आ सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24-26 डिग्री के करीब रहेगा। तो वहीं, उत्तर प्रदेश के करीब 50 जिलों में धूल भरी आंधी के साथ बिजली गिरने और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं। हरियाणा और पंजाब के कई जिलों में भी आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। जिससे तापमान 3-4 डिग्री नीचे आएगा।
इसके अलावा राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में फिलहाल लू का प्रकोप जारी है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ से आंधी-बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि का खतरा है। सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और नॉर्थईस्ट में भारी से भारी बारिश और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में गर्म और नम मौसम बना रहेगा।