IMD Heatwave-Rain Alert: भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज देश के कई हिस्सों में मौसम दो ध्रुवों पर बंटा हुआ है। उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के बड़े इलाकों में लू का प्रकोप जारी है, जबकि पूर्वोत्तर भारत और कुछ दक्षिणी-पूर्वी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी की संभावना है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में गर्मी का सितम बढ़ रहा है। तो वहीं, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 70 घंटे तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इन राज्यों में लू का प्रकोप
IMD ने आज और अगले कुछ दिनों के लिए हीटवेव की चेतावनी जारी की है। मुख्य रूप से दिल्ली-NCR, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब जैसे राज्यों में लू चलने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 42-44°C तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम 22-24°C के आसपास रहेगा। इस बीच गर्म रातें का असर भी देखने को मिल रहा है। 24-25 अप्रैल तक तापमान और बढ़ने की आशंका है।उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में 23-25 अप्रैल और पूर्वी UP में 22-26 अप्रैल तक हीटवेव चलेगी। कई जगहों पर तापमान 40-44°C के पार जा सकता है।
बिहार में 22-23 अप्रैल कुछ इलाकों में लू का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्से, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, ओडिशा, झारखंड और गंगेय पश्चिम बंगाल में भी अलग-अलग दिनों में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है।
इन राज्यों में बरसेंगे बादल
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 2-3 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं (30-50 किमी/घंटा) चलने की संभावना है। कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। इसके अलावा ओडिशा, झारखंड, गंगेय पश्चिम बंगाल, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और केरल के कुछ हिस्सों में भी अलग-अलग जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।