KhabarFast

Aaj Ka Mausam: दो हफ्तों में तीन पश्चिमी विक्षोभ...लाएंगे बारिश और ओले, पूरे उत्तर भारत में मौसम का यू-टर्न

Parth Jha | 03 Apr, 2026

North India Rain and Hailstorm Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, अप्रैल के पहले दो हफ्तों में उत्तर भारत पर तीन पश्चिमी विक्षोभ लगातार सक्रिय रहेंगे। इनके प्रभाव से दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर सहित पूरे क्षेत्र में बारिश, गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ तूफानी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

पश्चिमी विक्षोभ का असर

IMD ने बताया कि वर्तमान में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहा है। इसका चरम प्रभाव 3और 4अप्रैल को दिखेगा, जब जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-NCR और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आइसोलेटेड ओलावृष्टि संभव है। कश्मीर घाटी में 3अप्रैल को कुछ जगहों पर भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है। इन दिनों 40-60किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं चलने के साथ गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ेंगी।

7अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बढ़ रहा है, जिसके असर से 7से 9अप्रैल के बीच फिर से पहाड़ी क्षेत्रों में व्यापक बारिश-बर्फबारी और मैदानों में छिटपुट बारिश-आंधी देखने को मिलेगी। इसके अलावा 9से 16अप्रैल के बीच भी उत्तर भारत के कई हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इस तरह कुल मिलाकर अगले 14दिनों में तीन पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित करेंगे।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-NCR की बात करें तो 3 और 4 अप्रैल को आसमान में घने बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश, बिजली चमकने और 20-40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जो सामान्य से थोड़ा कम होगा। न्यूनतम तापमान भी 19-22 डिग्री के बीच रहेगा। 5 अप्रैल तक मौसम में कुछ सुधार हो सकता है, लेकिन पूरी तरह शुष्क नहीं रहेगा।