KhabarFast

अमृतसर के गुरुद्वारा शहीदां साहिब में बड़ा हादसा, दो महिलाओं की मौत

Shivani Jha | 24 May, 2026

Amritsar Accident: पंजाब के अमृतसर स्थित गुरुद्वारा शहीदां साहिब में कार सेवा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गुरुद्वारे में लगी शटरिंग की भारी लोहे की प्लेट अचानक नीचे गिर गई, जिससे वहां मौजूद संगतों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब आठ महिलाएं घायल हो गईं। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गुरुद्वारा साहिब में चौपहिरा के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और अन्य श्रद्धालु जाप कर रहे थे। इसी बीच अचानक शटरिंग की एक भारी प्लेट टूटकर नीचे गिर गई। प्लेट के नीचे बैठी कई महिलाएं उसकी चपेट में आ गईं। हादसे के तुरंत बाद गुरुद्वारा परिसर में चीख-पुकार मच गई और लोग घायलों को बचाने के लिए दौड़ पड़े।

घायलों का इलाज जारी 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों और संगत की मदद से घायलों को मलबे और भीड़ के बीच से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल और अन्य अस्पतालों में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

दो महिलाओं की मौत 

एडीसीपी विशालजीत सिंह ने बताया कि हादसे में दो महिलाओं की मौत हो चुकी है, जबकि दो से तीन महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जाएगा कि हादसा किन कारणों से हुआ। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि कहीं निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं हुई।

जांच पूरी होने पर होगी कार्रवाई

हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। गुरुद्वारा परिसर में मौजूद श्रद्धालु इस घटना से बेहद दुखी नजर आए। स्थानीय लोगों ने मृतक महिलाओं के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also read: यूपी में बिजली कटौती पर सख्त हुए सीएम योगी, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश