S Kritana Story: तमिलनाडु में टीवीके की सरकार बनने के साथ ही कैबिनेट शामिल किए गए एक चेहरे की चर्चा हो रही है। शिवकाशी से विधायक बनीं एस कीर्तना ने 10 मई को मंत्री पद की शपथ ली।
चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित समारोह में एन आनंद, आधारव अर्जुन, केए सेंगोट्टैयन, पी वेंकटरामनन, आर निर्मलकुमार, राजमोहन टीके प्रभु और केजी अनुराज ने भी मंत्री पद की शपथ ली। विधानसभा चुनाव के दौरान ने कीर्तना ने शिवकाशी के विकास और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा था कि इतने बड़े औद्योगिक और जोखिम वाले क्षेत्र में सिर्फ एक फायर स्टेशन होने गंभीर चिंता का विषय है।
कौन हैं एस कीर्तना
एस कीर्तना तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले की शिवकाशी विधानसभा सीट से चुनाव जीती हैं। शिवकाशी को फायरवर्क्स कैपिटल ऑफ इंडिया कहा जाता है। यहां पटाखा, माचिस और प्रिटिंग उद्योग के लिए पूरे देश में निर्यात होता है। 29 वर्षीय कीर्तना विजय सरकार की सबसे युवा मंत्री हैं। चुनाव में उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार अशोकन जी को 11,670 वोटों से हराया। वह शिवकाशी से पहली महिला विधायक बनी हैं।
हिंदी पर मजबूत कमांड
कीर्तना विजय कैबिनेट की इकलौती महिला मंत्री है। उनकी कई भाषाओं में मजबूत पकड़ है। तमिलनाडु जैसे राज्यों में जहां भाषा का मुद्दा संवेदनशील और राजनीतिक रूप से अहम रहा है। वहां फर्राटेदार हिंदी बोलने की क्षमता खास ध्यान खींच रही है। इसके अलावा वह अंग्रेजी, तमिल और तेलगु बोलती हैं। एस कीर्तना ने मदुरै स्थिति कामराज यूनिवर्सिटी से संबद्ध कॉलेज से गणित में बीएससी की पढ़ाई की है और 2019 में पुड्डुचेरी यूनिवर्सिटी से एमएससी किया है। वह राजनीति में आने से पहले कीर्तना पॉलिटिकल एडवाइजर के तौर पर काम कर चुकी हैं।