Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में इस समय मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ उत्तर और पश्चिम भारत भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, तो दूसरी ओर दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और पूर्वी राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और तूफान की चेतावनी जारी की गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियां तेज हो सकती हैं, जबकि कई राज्यों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
देश की राजधानी दिल्ली समेत राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है। वहीं केरल, लक्षद्वीप और तमिलनाडु में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर में 28 मई तक लू की स्थिति बने रहने की संभावना है। कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना भी जताई है।
डॉक्टरों के अनुसार राजधानी के अस्पतालों में गर्मी से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। आंखों में जलन, डिहाइड्रेशन, सिरदर्द और गर्मी से संबंधित न्यूरोलॉजिकल समस्याएं तेजी से सामने आ रही हैं।
उत्तर प्रदेश में 25 से 29 मई के बीच कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और आंधी की संभावना है। मेरठ, शामली, बुलंदशहर और सहारनपुर समेत कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। वहीं लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, आगरा और नोएडा में भी गर्मी के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
राजस्थान में अगले चार दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। पश्चिमी राजस्थान में 26 और 27 मई को तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि 28 और 29 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे कुछ इलाकों में आंधी और हल्की बारिश राहत दे सकती है।
बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, पूर्णिया और दरभंगा समेत कई जिलों में 25 से 29 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने 25 और 26 मई को भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है।
मध्य प्रदेश में अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। राज्य के कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। ग्वालियर, रीवा, उज्जैन, जबलपुर, मुरैना, शिवपुरी और छतरपुर समेत कई जिलों में लू चलने की आशंका है।
महाराष्ट्र के अमरावती, वर्धा, चंद्रपुर और अकोला में तापमान लगातार बढ़ रहा है। वहीं झारखंड में गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के कई हिस्सों में अगले छह दिनों तक बारिश और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश के ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और सिरमौर जिलों में 26 और 27 मई के लिए लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब और हरियाणा में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। रोहतक में तापमान 44.1 डिग्री और बठिंडा में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भीषण गर्मी को देखते हुए जम्मू-कश्मीर सरकार ने जम्मू मंडल के स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा की है। जम्मू नगर निगम ने भी नागरिकों के लिए हीटवेव चेतावनी जारी की है।
तमिलनाडु और केरल में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अनुमान है। नीलगिरि, कोयंबटूर, मदुरै, धर्मपुरी, सलेम और तिरुवनमलाई समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।