KhabarFast

कौन थे अनिल टाइगर? दिनदहाड़े हत्या से झारखंड में उबाल; BJP के प्रदर्शन में हिंसा और आगजनी

Parth Jha | 27 Mar, 2025

Anil Tiger Murder Case: झारखंड के कांके में बुधवार को BJP नेता और पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल महतो टाइगर की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। इस घटना के विरोध में गुरुवार को BJP और अन्य विपक्षी दलों ने झारखंड बंद बुलाया। राजधानी रांची समेत कई इलाकों में इसका व्यापक असर दिखा।

बता दें कि,अनिल टाइगर कांके थाना क्षेत्र के शिव मंदिर परिसर स्थित एक होटल में बैठे थे। तभी बाइक सवार दो अपराधी आए और पीछे से उनके सिर में गोली मारकर फरार हो गए। वारदात के समय वह अकेले थे और मोबाइल देख रहे थे। गोली लगते ही होटल में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।अनिल टाइगर हाल ही में कांके महावीर मंडल के अध्यक्ष बने थे। इससे पहले वह आजसू पार्टी में भी रह चुके थे। उनका निवास कोकर के चड्ढा पेट्रोल पंप के पास था।

रांची में उग्र प्रदर्शन, पुलिस अलर्ट पर

हत्या के बाद कांके और रांची में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने कांके ब्लॉक चौक और बूटी मोड़ पर सड़कों को जाम कर दिया। टायर जलाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ग्रामीण SP सुमित अग्रवाल समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी समझाने के बाद देर शाम जाम हटाया गया।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध शूटर को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ जारी है।

झारखंड बंद का असर, स्कूल-कॉलेज प्रभावित

BJP, आजसू और अन्य विपक्षी दलों के आह्वान पर झारखंड बंद का असर रांची समेत कई शहरों में दिखा। कई बाजार और दुकानें बंद रहीं। धुर्वा, हरमू रोड, किशोरगंज चौक और पिस्का मोड़ पर प्रदर्शन हुए।बंद के कारण रांची के कई स्कूल भी बंद रहे। हालांकि, 12वीं बोर्ड परीक्षाएं सामान्य रूप से आयोजित की गईं।

राजनीतिक विवाद, पुलिस जांच जारी

BJP प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस BJP सांसद दीपक प्रकाश के घर भी गई, लेकिन संसद सत्र के कारण वह दिल्ली में थे।

इस हत्या के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा है। पुलिस जांच में तेजी लाई गई है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है। अब सभी की नजरें इस पर हैं कि इस मामले में आगे क्या खुलासे होते हैं और अपराधियों को कब तक सजा मिलती है।