KhabarFast

Haryana News: आतंकी नेटवर्क का बड़ा खुलासा, कई जिलों में स्लीपर सेल की आशंका

Parth Jha | 21 Mar, 2026

Haryana News: राजस्थान के सीमावर्ती इलाके हनुमानगढ़ से जुड़ा एक बड़ा आतंकी मामला सामने आया है। हरियाणा के अंबाला में पकड़े गए तीन संदिग्ध आतंकियों में से एक को हाल ही में हनुमानगढ़ लाकर गुप्त तरीके से पूछताछ की गई। जानकारी के मुताबिक, यह पूरा ऑपरेशन बेहद गोपनीय रखा गया था। इस कार्रवाई में हरियाणा एसटीएफ, अंबाला पुलिस, एटीएस राजस्थान और हनुमानगढ़ एजीटीएफ की टीमें शामिल रहीं।

दो दिन तक चली पूछताछ 

बताया जा रहा है कि आरोपी को घटनास्थल की पहचान कराने और पूरी साजिश को समझने के लिए हनुमानगढ़ लाया गया था। करीब दो दिन तक पूछताछ के बाद उसे गुरुवार रात वापस अंबाला ले जाया गया। आरोपी जंगबीर को हनुमानगढ़ टाउन थाने में लाकर पूछताछ की गई। जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान में बैठा आतंकी शहजाद भट्टी भारत में स्लीपर सेल का नेटवर्क बनाने की कोशिश कर रहा था। इस नेटवर्क से राजस्थान के हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और अजमेर जिलों के नाम भी सामने आए हैं।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

जानकारी के अनुसार, यह पूरा नेटवर्क पाकिस्तान से ही ऑपरेट किया जा रहा था। इस खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। इस केस में एटीएस बीकानेर और हनुमानगढ़ एजीटीएफ लगातार जांच में जुटी हुई हैं। आरोपी से पूछताछ के दौरान राजस्थान पुलिस की टीम भी मौजूद रही, हालांकि पूछताछ में क्या-क्या जानकारी मिली है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

बड़े खुलासे की उम्मीद

इस मामले पर हनुमानगढ़ के एसपी नरेंद्र मीणा ने कहा कि स्लीपर सेल से जुड़े दावों की गंभीरता से जांच की जा रही है। अगर किसी स्थानीय व्यक्ति का इस नेटवर्क से संबंध पाया जाता है, तो उसका भी जल्द खुलासा किया जाएगा। सीमावर्ती जिलों में आतंकी नेटवर्क की आशंका ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और जल्द ही और बड़े खुलासे हो सकते हैं।