KhabarFast

Haryana News: अंबाला में 2 किलो RDX के साथ 3 युवक गिरफ्तार, हरियाणा को दहलाने की साजिश नाकाम

Parth Jha | 14 Mar, 2026

Haryana News:अंबाला एसटीएफ ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बराड़ा-सढ़ौरा मार्ग पर तीन संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवकों के कब्जे से करीब 1,900 ग्राम संदिग्ध विस्फोटक पदार्थ बरामद हुआ है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

जानकारी के अनुसार एसटीएफ को सूचना मिली थी कि तीन युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर विस्फोटक सामग्री के साथ बराड़ा की ओर से सढ़ौरा की तरफ जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही एसटीएफ टीम ने शुक्रवार शाम करीब चार बजे बराड़ा-सढ़ौरा रोड पर बैरिकेड्स लगाकर रास्ते को पूरी तरह सील कर दिया। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई और ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ दिया गया। कुछ देर बाद जैसे ही संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर मौके पर पहुंचे, पहले से सतर्क खड़ी एसटीएफ टीम ने उन्हें चारों तरफ से घेर कर काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से करीब दो किलो के आसपास विस्फोटक सामग्री बरामद हुई।

युवकों की हुई पहचान

प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार युवकों की पहचान मेरठ (उत्तर प्रदेश), अजमेर (राजस्थान) तथा अंबाला जिले के कबांसी गांव के निवासी के रूप में हुई है। इनकी उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। मोटरसाइकिल चला रहे युवक की पहचान जंगबीर के रूप में हुई है। एसटीएफ अंबाला के अधिकारियों के अनुसार बरामद विस्फोटक की विशेषज्ञों से जांच करवाई जा रही है ताकि इसके प्रकार और इसकी संभावित विनाशकारी क्षमता का पता लगाया जा सके। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक कहां से लाया गया और इसका इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था।

जल्द होंगे बड़े खुलासे

पुलिस और खुफिया एजेंसियां अब पकड़े गए युवकों के आपसी संबंधों, पिछले रिकॉर्ड और संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही हैं। डीएसपी अमन के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन जांच जारी है और जल्द ही कई अहम खुलासे होने की संभावना है।