KhabarFast

HARYANA NEWS: करनाल में हवाई फायरिंग से हड़कंप, 3 गाड़ियों में सवार लोगों के बीच जमकर चली गोलियां

Parth Jha | 02 Apr, 2026

HARYANA NEWS: हरियाणा के करनाल जिले में प्योंत टोल प्लाजा पर हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में सामने आया कि 3 गाड़ियों में सवार लोग वहां पहुंचे थे और उनके बीच आपसी रंजिश के चलते फायरिंग हुई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को गोली नहीं लगी।

पुलिस की प्राथमिक जांच के दौरान सामने आया कि 3 गाड़ियां टोल प्लाजा पर पहुंची थीं। इन्हीं गाड़ियों में सवार लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद था, जिसके चलते फायरिंग हुई। घटना के बाद 2 गाड़ियां करनाल की तरफ वापस लौट गई, जबकि एक गाड़ी असंध की ओर चली गई।

टोल कर्मियों से नहीं थी कोई रंजिश

निसिंग थाना प्रभारी श्रीभगवान ने बताया कि टोल कर्मियों से पूछताछ में स्पष्ट हुआ है कि बदमाशों की टोल कर्मचारियों के साथ कोई कहासुनी या रंजिश नहीं थी। यह मामला पूरी तरह से गाड़ियों में सवार लोगों के बीच का ही था।

सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू

पुलिस ने टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। फुटेज के आधार पर गाड़ियों के नंबर निकालने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

जल्द आरोपियों को किया जाएगा काबू

निसिंग थाना प्रभारी श्रीभगवान के अनुसार, एक ही राउंड फायर हुआ है। फायरिंग करने वाले आरोपियों को जल्द ही राउंडअप कर लिया जाएगा। आरोपियों से पूछताछ के बाद ही पूरे मामले की असल वजह सामने आ पाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है।