Jind News: हरियाणा के जींद में राष्ट्रीय राजमार्ग-352 पर आज सुबह 5 बजे के बाद एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लाल रंग की स्विफ्ट कार ने आगे चल रहे ट्रक की पिछली तरफ जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्विफ्ट कार चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा भीड़ताना टोल प्लाजा के पास हुआ। गोहाना से जींद की ओर आ रही स्विफ्ट कार ट्रक के पीछे लग गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्विफ्ट कार के परखच्चे उड़ गए और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चालक गाड़ी के अंदर फंस गया। आसपास के लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान नरेश उर्फ फौजी छिकारा (23 वर्ष) के रूप में हुई है। वह समालखा के जौरासी गांव का रहने वाला था। नरेश एक प्रतिभाशाली जूडो खिलाड़ी था। उसने कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो में गोल्ड मेडल जीता था और 4 बार नेशनल प्लेयर रह चुका था। परिवार में तीन भाई हैं, जिनमें दो भाई खिलाड़ी हैं जबकि एक भाई खेती का काम करता है। नरेश जींद में अपने किसी दोस्त से मिलने आ रहा था। हादसे के बाद शव को जींद के नागरिक अस्पताल में रखवाया गया है, जहां पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।