Haryana News: हरियाणा के झज्जर में पूर्व उपमुख्यमंत्री और जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। अनाज मंडी में पहुंचकर दुष्यंत चौटाला ने किसानों और आढ़तियों से मुलाकात की और व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इतिहास में पहली बार ऐसे हालात देखने को मिल रहे हैं,जहां अनाज के ऊपर जेसीबी चलाई जा रही है,लेकिन सरकार की तरफ से कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। मंडियों में न तो सही तरीके से खरीद हो रही है और न ही बारदाना व ट्रांसपोर्ट की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि अधिकारियों के अनुसार अब तक केवल चार गाड़ियां ही लोड हो पाई हैं और सरकार किसानों को भुगतान तक नहीं कर पाई है।
दुष्यंत चौटाला ने इसके लिए सीधे तौर पर मुख्यमंत्री को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उनकी नीतियों और प्राथमिकताओं की वजह से हरियाणा के किसान परेशान हैं। बारिश की संभावना को लेकर उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगले तीन दिन में बारिश होती है तो किसानों की फसल को भारी नुकसान होगा। उन्होंने सरकार से तुरंत खरीद प्रक्रिया शुरू करने और मंडियों से गेहूं का उठान करवाने की मांग की। खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर के 24 घंटे खरीद वाले बयान पर पलटवार करते हुए चौटाला ने कहा कि यह व्यावहारिक नहीं है और मंत्री को अपने विभाग की वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं है।
कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरा
पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि कोरोना काल में भी किसानों को इतनी परेशानी नहीं हुई जितनी आज हो रही है। कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। ईमेल के जरिए मिल रही धमकियों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति खराब हो चुकी है और लगातार बढ़ते अपराध सरकार की विफलता को दर्शाते हैं। सुप्रीम कोर्ट,हाई कोर्ट,स्कूलों और सरकारी दफ्तरों तक बम की धमकियां मिलना गंभीर चिंता का विषय है।