HARYANA NEWS: हरियाणा के फरीदाबाद में नगर निगम ने 50 लाख रुपये से अधिक प्रॉपर्टी टैक्स बकाया रखने वाले बड़े डिफॉल्टर्स के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। निगम की ओर से ऐसे 82 प्रॉपर्टी धारकों को नोटिस जारी किए गए हैं और वसूली अभियान को सख्ती से लागू किया जा रहा है।
नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर यह कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम की अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने बताया कि 13 मई तक 82 बकायादारों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रॉपर्टी टैक्स वसूली को प्राथमिकता दे रहा है। जिन संपत्ति मालिकों पर भारी बकाया है, उनसे जल्द से जल्द टैक्स जमा कराने की अपील की गई है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में बकाया टैक्स जमा नहीं कराया गया तो नियमों के अनुसार संपत्तियों की सीलिंग सहित अन्य दंडात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है। नगर निगम प्रशासन ने सभी संपत्ति धारकों से समय पर प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर शहर के विकास में सहयोग करने की अपील की है।