KhabarFast

Gold Silver Price: सोना-चांदी हुआ महंगा, दो दिन में गोल्ड 971 रुपये और चांदी 3043 रुपये बढ़ी

Shivani Jha | 30 May, 2026

Gold Silver Price: सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को तेजी दर्ज की गई। पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार शाम के मुकाबले दोनों की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिली है। गुरुवार को बुलियन बाजार बंद होने के कारण नए भाव जारी नहीं किए गए थे। ऐसे में शुक्रवार को जारी कीमतों में सीधा उछाल नजर आया। इंडियन बुलियंस एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार, 24 कैरेट सोने का भाव शुक्रवार सुबह 1,57,043 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। इससे पहले बुधवार शाम को इसकी कीमत 1,56,072 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। यानी दो दिनों में सोने की कीमत में 971 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।

चांदी की कीमत में तेजी

वहीं, चांदी की कीमत में भी बड़ी तेजी देखने को मिली। शुक्रवार को चांदी का भाव 2,63,966 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया। बुधवार शाम को यह 2,60,917 रुपये प्रति किलोग्राम था। इस तरह चांदी की कीमत में 3,049 रुपये प्रति किलोग्राम का उछाल आया है। अन्य श्रेणियों की बात करें तो 23 कैरेट सोना 1,56,414 रुपये प्रति 10 ग्राम, 22 कैरेट सोना 1,43,851 रुपये प्रति 10 ग्राम, 18 कैरेट सोना 1,17,782 रुपये प्रति 10 ग्राम और 14 कैरेट सोना 91,870 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

क्या कहते हैं विशेषज्ञ? 

विशेषज्ञों का कहना है कि मौजूदा समय में सोने का भाव 1.56 लाख रुपये से 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच बना हुआ है। वहीं चांदी भी 2.60 लाख रुपये से 2.72 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के दायरे में कारोबार कर रही है। इसकी सबसे बड़ी वजह वैश्विक स्तर पर बनी अनिश्चितता है।

बाजार में बढ़ी चिंता 

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव को लेकर बाजार में अभी भी चिंता बनी हुई है। ऐसे हालात में निवेशक सुरक्षित निवेश के रूप में सोने और चांदी की ओर रुख करते हैं, जिससे कीमतों को समर्थन मिलता है। हालांकि जानकारों का मानना है कि यदि वैश्विक स्थिति सामान्य होती है तो सोने की कीमतों में गिरावट भी देखने को मिल सकती है। तेल की बढ़ती कीमतें और महंगाई भी बाजार पर असर डाल रही हैं। महंगाई बढ़ने से लोगों की खरीदारी क्षमता प्रभावित होती है, जिसका असर सोने की मांग पर पड़ सकता है। फिलहाल निवेशकों की नजर अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और बाजार की दिशा पर बनी हुई है।

Also read: Stock Market Crash: शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 1000 अंक से ज्यादा टूटा