Noida Airport Ticket Booking: पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों की शुरुआत की तारीख तय हो गई है। एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने यहां से अपनी पहली कमर्शियल फ्लाइट शुरू करने का ऐलान कर दिया है। साथ ही टिकटों की बुकिंग भी शुरू कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली उड़ान 15 जून को रवाना होगी। यह एयरपोर्ट देश के एविएशन सेक्टर के लिए एक बड़ा प्रोजेक्ट माना जा रहा है। इंडिगो यहां से उड़ान संचालन शुरू करने वाली पहली एयरलाइन बन गई है।
लखनऊ से नोएडा के बीच शुरू होगी ऊड़ान
शुरुआती चरण में पहली फ्लाइट लखनऊ से नोएडा के बीच संचालित की जाएगी। इससे उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच हवाई संपर्क मजबूत होगा। बताया जा रहा है कि इस रूट के टिकट की शुरुआती कीमत करीब 10 हजार रुपये रखी गई है। उद्घाटन के दिन इंडिगो चार विशेष उड़ानों का संचालन करेगी। इनमें दक्षिण भारत के लिए भी सीधी कनेक्टिविटी दी जाएगी। नोएडा से बेंगलुरु के लिए भी सीधी फ्लाइट शुरू होगी, जिसकी शुरुआती टिकट कीमत 8 हजार रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।
16 प्रमुख शहरों से जोड़ेगा एयरपोर्ट
जेवर एयरपोर्ट को शुरुआती चरण में 16 प्रमुख शहरों से जोड़ा जाएगा। इनमें जम्मू, श्रीनगर और धर्मशाला जैसे शहर भी शामिल हैं। इससे यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी और दिल्ली एयरपोर्ट पर दबाव भी कम होगा। एयरपोर्ट का असली विस्तार 1 जुलाई से देखने को मिलेगा। इस तारीख से रोजाना करीब 28 फ्लाइट्स यहां से उड़ान भरेंगी और लैंड करेंगी। कुछ शहरों के लिए अलग-अलग दिनों में विशेष उड़ानों का शेड्यूल भी तय किया जाएगा।
एविएशन हब के रूप में विकसित होगा एयरपोर्ट
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश के सबसे बड़े एविएशन हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके शुरू होने से पश्चिमी यूपी और दिल्ली-एनसीआर के करोड़ों लोगों को फायदा मिलेगा। अब यात्रियों को फ्लाइट पकड़ने के लिए दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि एयरपोर्ट शुरू होने से इलाके में निवेश और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही आगरा और मथुरा जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने से विदेशी पर्यटकों की संख्या भी बढ़ सकती है।