KhabarFast

Trump Invitation to Modi: अमेरिका से पीएम मोदी के लिए बड़ा संदेश, ट्रंप ने व्हाइट हाउस आने का दिया न्योता

Parth Jha | 23 May, 2026

Trump Invitation to Modi: इन दिनों अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत के दौरे पर है। इस दौरान उन्होंने राजधानी दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच एक बैठक हुई। इस मीटिंग में सुरक्षा, व्यापार और नई तकनीक जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। वहीं अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने पीएम मोदी को अमेरिका आने का न्योता भी दिया है।  

मिडिल ईस्ट संकट के बीच भारत और अमेरिका के बीच यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। यह मीटिंग करीब एक घंटे तक चली और इसमें सुरक्षा, व्यापार, क्रिटिकल टेक्नोलॉजी और इंडो पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग जैसे कई अहम मुद्दे शामिल रहे। साथ ही दोनों देशों के बीच क्रिटिकल टेक्नोलॉजी को लेकर सहयोग बढ़ाने पर बातचीत हुई। इसके अलावा इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में 'फ्रीडम ऑफ नेविगेशन' यानी समुद्री मार्गों की स्वतंत्रता और सुरक्षा को लेकर दोनों देशों के साझा प्रयासों पर चर्चा की गई।

वैश्विक शांति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की- पीएम मोदी

बैठक के बाद पीएम मोदी ने अपने ट्वीटर हैंडल पर एक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि US सेक्रेटरी ऑफ़ स्टेट, मार्को रूबियो का स्वागत करके मुझे खुशी हुई। हमने भारत-US व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में लगातार हो रही प्रगति और क्षेत्रीय तथा वैश्विक शांति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका वैश्विक भलाई के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।

यह बैठक काफी सकारात्मक और उपयोगी रही- रुबियो

रुबियो ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के बाद कहा कि यह बैठक काफी सकारात्मक और उपयोगी रही। दोनों नेताओं के बीच सुरक्षा, व्यापार और महत्वपूर्ण तकनीकी क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हुई। अमेरिका ने साफ तौर पर भारत को इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में एक अहम रणनीतिक साझेदार बताया है। दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग, आपूर्ति श्रृंखला और उभरती टेक्नोलॉजी क्षेत्र में तालमेल बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।