Bank Customer Rights: कितना भी समय से पहले बैंक चले जाओ, कभी-न-कभी 'अभी लंच है, बाद में आइए' जैसे शब्द अक्सर सुनने को मिलते है। कई बार बैंक कर्मचारी पूरा काउंटर बंद कर देते हैं या ग्राहकों को घंटों इंतजार करवाते हैं। इस तरह के बर्ताव से आपको परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि आपको अपने अधिकारों के बारे में पता नहीं होता। ऐसे में चलिए जानते है उन नियमों के बारे में, जो RBI ने बैंक ग्राहकों को दिए हैं।
बैंक ग्राहकों के लिए नियम
दरअसल, RBI के नियमों के अनुसार, बैंक कर्मचारियों के लिए कोई निर्धारित लंच ब्रेक नहीं होता। कर्मचारियों को रोटेशन में लंच ब्रेक लेना होता है, ताकि सभी काउंटर बंद न रहे और काम ना रुके। इसके अलावा बिजनेस ऑवर्स के दौरान सभी काउंटर खुले रहने चाहिए। बैंक के गेट बंद करके ग्राहकों को बाहर खड़ा नहीं किया जा सकता। यह नियम ग्राहक सेवा को बेहतर बनाने और अनावश्यक देरी रोकने के लिए हैं। सीनियर सिटीजन या दिव्यांग ग्राहकों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
दूसरी तरफ, किसी भी वजह से अगर बैंक कर्मी काम करने से मना कर दें या लंच का बहाना बनाकर काम में देरी करें तो ग्राहक तुरंत शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए आप बैंक की शाखा में लिखित शिकायत दर्ज कर सकते है। इसके अलावा RBI के इंटीग्रेटेड ओम्बड्समैन स्कीम के तहत cms.rbi.org.in पर जाकर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें। टोल-फ्री नंबर 14448 पर कॉल करें। शिकायत दर्ज होने के बाद RBI की टीम मामले की जांच करती है और बैंक पर कार्रवाई हो सकती है।