Petrol-Diesel Price Hike: वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी है। लेकिन इस बीच देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी होने की अटकलें भी तेज हो गई हैं। दरअसल, बीते दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिडिल ईस्ट युद्ध से गहराए तेल संकट की जानकारी देते हुए देशवासियों से पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल संभलकर करने की अपील की थी। जिसके बाद से पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर सवाल खड़े हो गए है। तो वहीं, इस सवाल पर पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा ‘देश में चार साल से पेट्रोल-डीजल की कीमतें स्थिर हैं, लेकिन मैं ये नहीं कह सकता कि इनकी कीमतें नहीं बढ़ेंगी।’
पेट्रोलियम मंत्री का बयान
पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि पिछले 4 साल से दोनों की कीमतें स्थिर बनी हुई है। लेकिन सरकार समय आने वाले जरूरी फैसले लेगी। मंत्री का ये बयान तेल संकट के संदर्भ में अहम माना जा रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ सकती है। हालांकि, सरकार की तरफ से ऐसा कोई भी बयान नहीं दिया गया है। फिलहाल पेट्रोल-डीजल की कीमतें स्थिर है। दिल्ली में पेट्रोल ₹94.77 प्रति लीटर और डीजल ₹87.67 प्रति लीटर पर ही बिक रहा है।
देश में कितने दिन का तेल स्टॉक बचा है?
जानकारी के अनुसार, भारत ने कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों के लिए लगभग 60 दिन का स्टॉक बनाए रखा है। इसके अलावा LPG के लिए 45 दिन का भंडार उपलब्ध है। सरकारी आंकड़ों की मानें तो कुल स्टोरेज क्षमता 74 दिनों की है, जिसमें तेल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) का स्टॉक भी शामिल है।