KhabarFast

‘...तो आप लोग इस सरकार को उखाड़ फेंकेंगे’ पूर्वी चंपारण में प्रियंका गांधी ने किया बड़ा दावा

Parth Jha | 06 Nov, 2025

Priyanka Gandhi in East Champaran:बिहार के पूर्वी चंपारण में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हम कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता हैं, जिनको महात्मा गांधी ने रास्ता दिखाया। वहीं, महात्मा गांधी को ये रास्ता दिखाने वाले आपके पूर्वज थे। बिहार के लोगों को इस देश में अपनी भागीदारी समझनी पड़ेगी। आपको समझना पड़ेगा कि इस देश को बनाने वाले आपके पूर्वज हैं। जब यहां रास्ता तक नहीं था, उस समय आपके पूर्वज इतने बड़े अंग्रेजों के साम्राज्य से लड़ रहे थे। जब महात्मा गांधी जी को यह बात पता चली थी, तब उन्होंने प्रेरित होकर यहीं से 'सत्याग्रह' की शुरूआत की थी।

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि युवा लगातार परीक्षा देते हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक हो जाता है। ऐसे में परीक्षा और नियुक्तियों के इंतजार में युवाओं के जीवन के कई साल बर्बाद हो जाते हैं। बिहार और यूपी में युवाओं की ये स्थिति है। देश के प्रधानमंत्री, जहां भी जाते हैं, कहते हैं कि पश्चिम बंगाल, केरल और बिहार में विपक्षी नेता जनता का अपमान कर रहे हैं। हम आपके अधिकारों की, आपके सशक्तिकरण की बात कर रहे हैं। कल राहुल गांधी ने दिखाया कि हरियाणा चुनाव में वोटों की धांधली हुई थी। उन्होंने कहा कि आज उनका अहंकार इतना है कि वे आपके वोटों का अपमान करते हैं। बिहार में 65 लाख वोट काटे गए हैं। मैं गारंटी दे सकता हूँ कि अगर यहां निष्पक्ष चुनाव हुए, तो आप लोग इस सरकार को उखाड़ फेंकेंगे और नई सरकार बनाएंगे।