PM Modi Bengaluru Visit: बेंगलुरु में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक के मामले में राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। पीएम मोदी के दौरे के दौरान उनके तय रूट के पास विस्फोटक मिलने के बाद पुलिस विभाग पर सवाल उठे थे। अब इस मामले में छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबित पुलिसकर्मियों में एक पुलिस सब इंस्पेक्टर (PSI), एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) और चार कांस्टेबल शामिल हैं। इन सभी पर सुरक्षा ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप है।
अधीक्षक के आदेश पर हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई बेंगलुरु दक्षिण के पुलिस अधीक्षक श्रीनिवास गौड़ा के आदेश पर की गई। आदेश में कहा गया है कि 10 मई को प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात इन अधिकारियों ने अपने कर्तव्यों का सही तरीके से पालन नहीं किया। वीवीआईपी सुरक्षा जैसे बेहद संवेदनशील मामले में इस तरह की लापरवाही को गंभीर माना गया है।
वडेराहली गेट से हुई विस्फोटक बरामद
जानकारी के मुताबिक, विस्फोटक सामग्री बेंगलुरु दक्षिण तालुक के वडेराहली गेट इलाके के पास से बरामद हुई थी। यह वही इलाका था जहां इन छह पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। जांच में सामने आया कि ड्यूटी पर तैनात कर्मी अपने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और सामान पर नजर रखने में असफल रहे। जैसे ही पीएम मोदी के रूट के पास विस्फोटक मिलने की खबर सामने आई, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत आंतरिक विभागीय जांच शुरू की गई। जांच रिपोर्ट में इन पुलिसकर्मियों को पहली नजर में दोषी और लापरवाह पाया गया।
प्रधानमंत्री की सुरक्षा से जुड़ी चूक बर्दाश्त नहीं- पुलिस विभाग
पुलिस विभाग का कहना है कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी तरह की चूक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसलिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। फिलहाल मामले की आगे जांच जारी है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विस्फोटक वहां कैसे पहुंचा और इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क का हाथ तो नहीं था। इस घटना के बाद प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर और ज्यादा सतर्कता बरती जा रही है।