KhabarFast

बरेली हिंसा का एक और मास्टरमाइंड नदीम हुआ गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ

Parth Jha | 29 Sep, 2025

Bareilly Violence: उत्तर प्रदेश के बरेली हिंसा से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। शाहजहांपुर से पुलिस ने बरेली हिंसा के दूसरे मास्टरमाइंड नदीम को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले तौकीर रजा को बरेली से गिरफ्तार किया गया था, जिस पर बरेली में हिंसा भड़काने के आरोप लगाया गया है। दरअसल, आई लव मोहम्मद को लेकर प्रदर्शन के बीच बरेली में उपद्रवियों ने पुलिस से झड़प की। इसके बाद पुलिस को मजबूरन लाठीचार्ज करना पड़ा था। इसी मामले को लेकर पुलिस अब लगातार प्रदेश के अन्य राज्यों में जांच कर रही है। 

नदीम ने बनाया था व्हाट्सएप ग्रुप

जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर से गिरफ्तार नदीम बरेली में हुई हिंसा का दूसरा मास्टरमाइंड माना जा रहा है। हिंसा के बाद से ही पुलिस को नदीम की तलाश थी और नदीम फरार चल रहा था। नदीम को आज, 29 सितंबर को सुबह शाहजहांपुर से गिरफ्तार किया गया। नदीम ने ही भीड़ को इकट्ठा करने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाया था और कॉल कर के लोगों को बुलाया था। इसके अलावा नदीम के फोन से कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद बताई जा रही है। पुलिस ने नदीम की गिरफ्तारी के बाद उसका फोन भी बरामद कर लिया है।

भागने का प्लान बना रहा था नदीम

इस मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि बरेली में हिंसा भड़काने के बाद नदीम यूपी छोड़कर भागने वाला था। इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बरेली हिंसा के मास्टरमाइंड तौकीर रजा का राइट हैंड नदीम को बताया जाता है। नदीम कभी भी तौकीर रजा की बात को टालता नहीं था। वहीं बरेली में हिंसा भड़काने के लिए नदीम एक हफ्ते से प्लानिंग कर रहा था। फिलहाल नदीम को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है।