KhabarFast

वैभव सूर्यवंशी पर बोले अश्विन, कहा- तीनों फॉर्मेट में खेल सकता है यह युवा खिलाड़ी

Shivani Jha | 10 May, 2026

IPL 2026: पूर्व भारतीय स्पिनर Ravichandran Ashwin ने युवा बल्लेबाज Vaibhav Suryavanshi की जमकर तारीफ की है। अश्विन का मानना है कि सिर्फ 15 साल की उम्र में वैभव ने जिस तरह का खेल दिखाया है, वह उन्हें भारतीय क्रिकेट का बड़ा सितारा बना सकता है। उन्होंने कहा कि वैभव में क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट खेलने की क्षमता है और वह भविष्य में उसे टेस्ट क्रिकेट में भी खेलते देखना चाहते हैं। जियोहॉटस्टार पर बातचीत के दौरान अश्विन ने कहा कि वैभव हर गेंदबाज के खिलाफ निडर होकर खेल रहा है। उन्होंने कहा की मुझे उसे टेस्ट मैच खेलते देखने में कोई दिक्कत नहीं है। मैं चाहता हूं कि वह तीनों फॉर्मेट में खेले। वह ऐसा खिलाड़ी है, जो मैदान पर दर्शकों का पूरा मनोरंजन करेगा।

सबसे बड़े सितारे के रूप में उभरे वैभव 

इस सीजन में Rajasthan Royals के लिए वैभव सूर्यवंशी सबसे बड़े उभरते सितारे बनकर सामने आए हैं। उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा है। कम उम्र और सीमित अनुभव के बावजूद वह तेज और स्पिन दोनों तरह की गेंदबाजी के खिलाफ आत्मविश्वास से खेलते नजर आए हैं।

क्या है वैभव की सबसे बड़ी ताकत?

अश्विन ने कहा कि वैभव की सबसे बड़ी ताकत उसका आत्मविश्वास है। उन्होंने बताया कि युवा बल्लेबाज बिना किसी डर के अपने नैसर्गिक खेल पर भरोसा कर रहा है। अश्विन के मुताबिक कि वह हर गेंद पर पूरी ताकत से शॉट खेलने की कोशिश करता है। अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में भी उसने शानदार खेल दिखाया था। उसमें एक बड़े स्टार बनने की पूरी क्षमता नजर आती है।

अश्विन ने दी चेतावनी

हालांकि, अश्विन ने यह भी कहा कि इतनी कम उम्र में वैभव पर ज्यादा दबाव नहीं डालना चाहिए। उन्होंने कहा कि फिलहाल उसे अपने खेल का आनंद लेने देना जरूरी है। क्रिकेट करियर में ऐसे मौके बहुत कम आते हैं, जब खिलाड़ी खुलकर खेल पाता है। अश्विन ने कहा कि  वह अभी सिर्फ 15 साल का है। इस समय उससे बहुत ज्यादा उम्मीदें रखना सही नहीं होगा। उसे अपने तरीके से खेलने देना चाहिए और धीरे-धीरे आगे बढ़ने देना चाहिए। वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी ने फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स दोनों को प्रभावित किया है। अब सभी की नजर इस युवा खिलाड़ी के भविष्य पर टिकी हुई है।

Also read: वैभव सूर्यवंशी का धमाका, टी20 क्रिकेट में बनाया बड़ा रिकॉर्ड