Amarnath Yatra Registration: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अगुवाई में हुई बोर्ड बैठक में अमरनाथ यात्रा को लेकर बड़े निर्णय लिए गए हैं। बैठक के बाद बताया गया कि इस साल यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगी।
इस बार कुल 57 दिनों तक चलने वाली अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू होगी। प्रशासन के मुताबिक, इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में लगभग 25 फीसदी तक बढ़ोतरी की उम्मीद लगाई जा रही है।
यात्रा के लिए आयु सीमा निर्धारित
अमरनाथ यात्रा में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं की न्यूनतम आयु 13 साल और अधिकतम उम्र 70 साल निर्धारित की गई है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान रखते हुए ऑनलाइन-ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई है। पीएनबी, एसबीआई, यश बैंक और जम्मू-कश्मीर बैंक की देशभर में स्थित 554 शाखाओं पर ऑफलाइन पंजीकरण कराया जा सकता है। इसके अलावा, ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप ये सुविधा उपलब्ध रहेगी।
अस्पताल किया गया तैयार
अमरनाथ यात्रा को देखते हुए बालटाल में नया यात्री निवास चालू कर दिया गया है। जबकि श्रीनगर में भी एक यात्री निवास कार्यरत है। सुरक्षा के मद्देनजर सेना और अर्धसैनिक बलों की ड्यूटी लगाई गई है। मौसम की सटीक जानकारी के लिए डॉप्लर रडार भी लगाया गया है। साथ ही श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए 200 बेड का अस्पताल बनाया गया है। प्रशासन का कहना है कि इस साल की अमरनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई है।